[ad_1]


– वडोदरा मनपा एवं वुडा की कुल 730 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास
– 525 जूनियर क्लर्क को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए
वडोदरा, 3 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा है कि वित्तीय प्रबंधन की दृष्टि से गुजरात देश का अग्रिम राज्य बना है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्थापित परंपरा वित्तीय सुदृढ़ता की नींव में है। इस कारण गुजरात में जनकल्याणकारी कार्य करने के लिए बजट में कोई कमी नहीं है। पटेल ने यह भी कहा कि शहरी क्षेत्र, आउटग्रोथ क्षेत्र में विकास कार्यों को राज्य सरकार द्वारा तुरंत स्वीकृति दी जाती है। गुजरात सरकार का बजट भी 3.32 लाख करोड़ रुपए हुआ है। इसमें नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रावधान किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गत सप्ताह गुजरात में विभिन्न क्षेत्रों में 1.10 लाख करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। यह राशि गुजरात के बजट की एक तिहाई है। मुख्यमंत्री रविवार को वडोदरा शहर के ओ. पी. रोड क्षेत्र में 22.05 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित अत्याधुनिक कलेक्टर कार्यालय (जिला सेवा सदन) का लोकार्पण कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने इसके साथ ही वडोदरा महानगर पालिका (मनपा) के जन सुख-सुविधा के 156 करोड़ रुपए तथा वडोदरा नगरीय विकास प्राधिकरण (वुडा) के लगभग 574 करोड़ रुपये सहित 730 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने वडोदरा मनपा में जूनियर क्लर्क के रूप में नियुक्ति पाने वाले 525 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने शहर में 101 स्मार्ट आंगनबाड़ियों का लोकार्पण किया। उन्होंने 4.34 करोड़ की लागत से निर्मित मकरपुरा पुलिस थाने का लोकार्पण भी किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने सरकारी पदों पर नियमित एवं पारदर्शी रूप से भर्ती की कार्यशैली विकसित की है। आज एक ही दिन में गांधीनगर में 1990 तथा वडोदरा में 525 सहित 2515 उम्मीदवारों को सरकारी पदों में नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। भर्ती प्रक्रिया नियमित रूप से करने की सरकार की प्रतिबद्धता है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने वडोदरा जिले को 92 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की भेंट दी। इसमें 22 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित नए कलेक्टर भवन के लोकार्पण के अलावा 37 करोड़ रुपये की लागत से दो परियोजनाओं का लोकार्पण और 33.40 करोड़ रुपये की लागत वाली दो परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इसके अंतर्गत 33.75 करोड़ की लागत से वडोदरा जिला सड़क एवं भवन विभाग अधीनस्थ करजण तहसील के पालेज-नारेश्वर सड़क का मजबूतीकरण तथा चौड़ाई 7 मीटर से 10 मीटर करने का कार्य, 3.15 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित डभोई तहसील पंचायत भवन का लोकार्पण किया गया। वडोदरा जिले की विभिन्न तहसीलों में 98 लाख रुपये की लागत से बनने वाली कुल 11 आंगनबाड़ियों के भवनों का शिलान्यास तथा 32.41 करोड़ की लागत से पंचायत, सड़क एवं भवन प्रभाग अंतर्गत 51 किलोमीटर के कुल 19 नए सड़क निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में बचाव-राहत के लिए फायर वैन का लोकार्पण भी किया।
हिन्दुस्थान समाचार / बिनोद/प्रभात