[ad_1]

ऊना, 10 मार्च(हि.स.)। केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण और युवा एवं खेल मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर 10 मार्च को देहरा के रामलीला ग्राउंड में हिमाचल प्रदेश के सबसे बड़े निशुल्क मैडिकल कैंप का आयोजन करने जा रहे हैं। उन्होंने चिंतपूर्णी व हरोली विधानसभा में नशा मुक्त, सुरक्षा युक्त कैम्पेन के अन्तर्गत बाइक रैली की कर 2000 हेलमेट बाँटे व गगरेट विधानसभा के ब्रह्मपुर ग्राम पंचायत में सामुदायिक भवन का उद्घाटन किया। अनुराग सिंह ठाकुर ने गगरेट विधानसभा में आयोजित त्रिदेव सम्मेलन में शामिल हुए जहां उन्होंने बूथ पालक, बूथ अध्यक्ष और बीएलए के साथ संवाद कर आगामी चुनावों को लेकर विस्तृत चर्चा की।
कैंप के बारे में ज्यादा जानकारी देते हुए अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के लोग स्वस्थ रहें इसके लिए मैं सदा प्रयासरत रहा हूं। उन्होंने कहा कि हमने क्षेत्र के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने हेतु 2018 में अस्पताल सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की शुरुआत की थी। शुरू में दो मोबाइल मेडिकल यूनिट्स के साथ शुरू किया गया यह कार्यक्रम आज 32 मोबाइल मेडिकल यूनिट्स हो गई है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि अब तक हमारे अस्पताल मोबाइल मेडिकल यूनिट्स 8 लाख किलोमीटर से ज्यादा की यात्रा कर 6400 से अधिक गांवों में लगभग 10 लाख लोगों को निशुल्क स्वास्थ्य सुविधा दे चुके हैं। इससे लोगों के लगभग 40 करोड़ रुपए बचे हैं। 10 लाख लाभार्थी होने के अवसर पर कल यानी 10 मार्च को सुबह 9 बजे से रामलीला ग्राउंड, देहरा में सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा के तहत हिमाचल के सबसे बड़े निःशुल्क मेडिकल कैम्प का ऐतिहासिक आयोजन होने जा रहा है। कैंप में लोगों के इलाज हेतु हमने 50 से ज्यादा स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की टीम बुलाई है। हृदय रोग, किडनी रोग, कैंसर, हड्डी से जुड़ी बीमारियां, जच्चा बच्चा की जांच, कमजोर आंखों का इलाज, कान, नाक और गले की जांच या फिर दांतों की दिक्कत, सभी का मुफ्त इलाज किया जाएगा। इसके लिए हमने कल मुफ्त खून जांच और मुफ्त दवाइयां की भी व्यवस्था की है। इसके साथ ही आंख जांच करने के पश्चात जरूरतमंद लोगों को हम मुफ्त चश्मा भी देंगे।
हिन्दुस्थान समाचार/विकास/सुनील