[ad_1]

हमीरपुर 16 जनवरी (हि. स.)। एक अच्छे नेता के रूप में पूर्व विधायक दीनानाथ शास्त्री को हमेशा याद रखा जाएगा। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने पूर्व विधायक दीनानाथ शास्त्री के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए यह बात कही। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 1990 में द्रंग विधानसभा से चुनाव जीतकर दीनानाथ शास्त्री ने द्रंग और मंडी क्षेत्र के लोगों की आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता के लिए बहुत मेहनत और ईमानदारी से काम किया। वह विवेकपूर्ण और कुशल नेतृत्व वाले व्यक्ति थे और राजनीति में आने से पहले सामाजिक विज्ञान के अध्यापक भी रह चुके थे। मंडी के भविष्य के लिए अपनी दूरदर्शी सोच के साथ जो योजनाएं उन्होंने शुरू की थी वह आज मंडी के लोगों की सुविधाओं का आधार बनी है। मैं ईश्वर से कामना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति प्रदान कर अपने चरणों में स्थान दें और उनके शोकाकुल परिजनों को धैर्य और संबल प्रदान करें।
हिन्दूस्थान समाचार /विशाल/उज्जवल