[ad_1]

रायगढ़,20 जनवरी(हि.स.)।रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र में स्थित धर्मजयगढ़ कॉलोनी के 33 वर्षीय युवक राजेश विश्वास की 16 जनवरी को हुई हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपितों को धारा 302,201, 120बी के तहत गिरफ्तार किया है। आरोपितों में मृतक की पत्नी ,उसकी सहेली शामिल हैं।मृतक का शव उसके घर पर संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ था ,जिसकी सूचना उसके अपने परिजनों द्वारा थाना धरमजयगढ़ में दी गई थी।
मृतक के शरीर पर या कपड़ों पर किसी प्रकार के खून इत्यादि के निशान नहीं थे।प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों द्वारा हार्ट अटैक की संभावना जताई जा रही थी। परंतु धरमजयगढ़ पुलिस द्वारा पंचनामा कार्यवाही दौरान मृतक के सीने में 6 बारीक निशान पाए पाए गए थे।जो किसी सिरिंज या सुईनुमा वस्तु से आना संभव प्रतीत हो रहा था।घटना का वृतांत थाना प्रभारी धरमजयगढ़ अमित तिवारी द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को बताकर मामले की सूक्ष्म जांच शुरू की गई। वहीं मामले की पेचीदगी और गंभीरता के मद्देनजर रायगढ़ एसएसपी सदानंद कुमार द्वारा एसडीओपी धरमजयगढ़ दीपक मिश्रा की मॉनिटरिंग में साइबर की एक टीम को भी साक्ष्य संकलन हेतु लगाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में ही मृतक की पत्नी प्रिया विश्वास की भूमिका संदिग्ध लग रही थी।क्योंकि मोबाइल में काफी डिलीटेड डाटा दिखा ,जिसे रिकवर करने के बाद घटना दिनांक के दौरान मिली गतिविधियों ने शक को और पुख्ता किया। प्रिया से पूछताछ करने पर उसने हत्या की बात को स्वीकारते हुए वृतांत बताया तो सभी स्तब्ध रह गए। प्रिया और उसका पति राजेश कई महीने पहले लीवर संबंधी समस्या के चलते मोवा रायपुर के बालाजी हॉस्पिटल गए थे। जहां राजेश लगभग एक माह तक एडमिट रहा। वहीं उसकी पत्नी प्रिया और स्टाफ नर्स फिरीज यादव उर्फ कृष के मध्य दोस्ती हुई । फिरिज यादव उर्फ कृष अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स में स्वयं को डॉक्टर होना बताता है और एक फर्जी झोलाछाप क्लिनिक का भी लोधीपारा क्षेत्र में संचालन करता है। प्रिया के बताए अनुसार जब भी राजेश को चेकअप कराने बालाजी हॉस्पिटल जाते इनकी मुलाकात होती और इस तरह दोस्ती और बातचीत का सिलसिला उसके बाद से चलता रहा। वहीं प्रिया की सहेली पड़ोस की पायल विश्वास भी फिरीज यादव से प्रिया के माध्यम से जुड़ने के बाद बातचीत करने लगी थी । प्रिया और पायल ने तय करके फिरिज से बात की और अपने एक अन्य दोस्त शेख मोईन खान निवासी धरमजयगढ़ को भी सारी बात समझाकर एनेस्थीसिया के ओवरडोज के जरिए राजेश की हत्या का प्लान बनाया।
आरोपितों ने योजना बनाकर15 जनवरी की रात को राजेश जो शराब के नशे था ,उसकी धरमजयगढ़ कॉलोनी स्थित घर पर हत्या कर दी।जहां पायल ने बाहर रेकी की, प्रिया ने राजेश के पैरों को पकड़ा और मुईन ने हाथों को।आरोपित फिरीज ने पहले से तैयार कर लाए दवाइयों के इंजेक्शन के माध्यम से राजेश के सीने में तीन जगहों पर इंजेक्ट कर दिया। राजेश की मृत्यु सुनिश्चित करने के लिए ओवरडोज बढ़ाने फिरिज ने राजेश के सीने में दुबारा तीन बार और इंजेक्ट किया। जिसके बाद राजेश विश्वास का शरीर शिथिल पड़ गया और 15 मिनट के इंतजार के बाद फिरिज उर्फ कृष ने राजेश की नब्ज चेक कर उसके मरने की पुष्टि की। जिसके बाद सभी वापस चले गए।
मामले में धारा 302,201, 120बी के तहत अपराध दर्ज कर सभी चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक अमित तिवारी के नेतृत्व में मृतक की पत्नी प्रिया विश्वास और उसकी सहेली पायल विश्वास को उनके धरमजयगढ़ के निवास से ,जबकि मुईन खान को छाल हाटी रोड पर घेराबंदी कर पकड़ा । आरोपित फिरीज यादव को रायपुर के लोधीपारा इलाके से घेराबंदी कर पकड़ा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार /रघुवीर प्रधान