[ad_1]

ग्वालपारा (असम), 19 जनवरी (हि.स.)। ग्वालपाड़ा के उलुपारा में चार दिन पूर्व जंगली हाथी के हमले में घायल वनकर्मी रथिन नाथ की शुक्रवार सुबह गुवाहाटी के एक्सेल केयर अस्पताल में मौत हो गई। गुरुवार की रात भी ग्वालपारा जिले में जंगली हाथियों ने आतंक मचाया और कई घर नष्ट कर दिये।
ग्वालपारा के उलुपारा में जंगली हाथी के हमले में 16 जनवरी को एक वनकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल वनकर्मी रथिन नाथ को ग्वालपारा शहर के सलेश अस्पताल ले जाया गया लेकिन बेहतर इलाज के लिए उसे गुवाहाटी रेफर कर दिया गया थाए जिसकी शुक्रवार को मौत हो गयी।
ग्वालपाड़ा जिले में जंगली हाथियों का आतंक अभी भी जारी है। गुरुवार की रात दुधनोई के पास सोटमाटिया और बरपथार में हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। जंगली हाथियों ने सोटमाटिया में पांच घरों को नष्ट कर दिया और घर में रखे धान और चावल खा गये। हाथियों ने बरपथार गांव में भी घुस कर छह परिवारों के घरों को नष्ट कर दिया। हाथियों ने घर का फर्नीचर, बर्तन और चावल नष्ट कर दिया।
इसी तरह कामरूप (ग्रामीण) जिलांतर्गत छयगांव के नेपालीपरा में शुक्रवार को जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। स्थानीय लोगों के अनुसार गुरुवार की शाम से ही हाईवे पर हाथियों के बड़े झुंड ने इलाके के लोगों की नींद हराम कर दी है। स्थानीय लोग हाथी को खदेड़ने का लगातार प्रयास कर रहे हैं। ग्रामीणों ने वन अधिकारियों को सूचित किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार/ अरविंद/सुनील