[ad_1]

रोहतक, 22 जनवरी (हि.स.)। महम थाना के अंतर्गत गांव बैंसी के पास पुलिस व बदमाशों के बीच मुठभेड हो गई। इस दौरान पुलिस ने जवाबी फायरिंग करते हुए तीन बदमाशों को काबू है। बताया जा रहा है कि आरोपियों में हिस्ट्रीशीटर बदमाश भी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार अपराध जांच शाखा दो की टीम ने गांव बैंसी के पास नाकेबंदी कर रखी थी।
इस दौरान पुलिस ने एक कार को रुकने का ईशारा किया, तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कारवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर बदमाश जींद जिले के गांव करसौला निवासी पवन उर्फ बादशाह, प्रदीप व जुलाना निवासी आशीष को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच देशी पिस्तौल व आठ कारतूस बरामद किये हैं। अपराध जांच शाखा प्रभारी आजाद सिंह ने बताया कि आरोपी पवन उर्फ बादशाह पर 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। उसकी जींद पुलिस को हत्या की तीन वारदातों में तलाश थी, उसने एक जुलाना में और अपने गांव में दो हत्याओं को अंजाम दे रखा है। पिछले दिनों अपराध जांच शाखा के प्रभारी रहे नवीन जाखड़ के नेतृत्व में हिस्ट्रीशीटर को खिड़वाली के पास मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था, बादशाह कुछ समय पहले ही जमानत पर जेल से बाहर आया था।
प्रभारी आजाद सिंह ने बताया कि गश्त के दौरान उन्हें सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश गांव भराण की तरफ आ रहे हैं। इसके बाद टीम ने राजा वाली गोहर पर अजायब व भराण चौक के बीच नाका लगाकर वाहनों की जांच शुरू की। तभी तेज गति से एक कार आती दिखाई दी, चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन कार सवार युवकों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का मानना है कि तीनों बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें समय रहते गिरफ्तार कर लिया।
हिन्दुस्थान समाचार/ अनिल/सुमन/संजीव