Warning: Undefined array key "mode" in /home/azaannews/public_html/wp-content/plugins/sitespeaker-widget/sitespeaker.php on line 13
[ad_1]

सिरसा, 20 जनवरी (हि.स.)। हरियाणा में हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों को आगामी अप्रैल माह में हिसार एयरपोर्ट से आठ रूटों पर हवाई यात्रा करने का लाभ मिलेगा। हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत सिंह चौटाला ने शनिवार को सिरसा स्थित अपने आवास पर मीडिया को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि बीते शुक्रवार को हैदराबाद में आयोजित विंग्स इंडिया 2024 समारोह में प्रदेश सरकार का एलायंस एयर के साथ महत्वपूर्ण समझौता हुआ है। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि हिसार एयरपोर्ट से रीजनल कनेक्टिविटी के माध्यम से अप्रैल माह में आठ रूट पर हवाई यात्रा शुरू की जाएगी। इनमें हिसार से दिल्ली और चंडीगढ़ रूट के लिए पहले से ही मंजूरी मिल चुकी है और अब केंद्र सरकार की नई योजना के तहत हिसार से जयपुर, अहमदाबाद, जम्मू, कुल्लू, धर्मशाला और देहरादून की कनेक्टिविटी को भी जल्द शुरू किया जाएगा।
चौटाला ने एक और जानकारी साझा करते हुए बताया कि गुरुग्राम में 30 एकड़ में हेली हब विकसित किया जाएगा और इसका केंद्र सरकार को प्रस्ताव भी भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि देश का सबसे मॉडर्न और बड़ा हेली हब गुरुग्राम में बनाया जाएगा। गुरुग्राम हेली हब की कनेक्टिविटी स्थानीय क्षेत्र के साथ-साथ धार्मिक स्थलों और पहाड़ी क्षेत्र से भी की जाएगी और यहां से हेलीकॉप्टर टैक्सी की सुविधा मुहैया करवाई जाएगी।
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि एविएशन के क्षेत्र में आज हरियाणा देशभर में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। हरियाणा सरकार ने अंबाला एयरफोर्स बेस में इंडियन आर्मी से 10 एकड़ जमीन ली है और यहां सिविल एन्क्लेव का निर्माण कार्य जारी है। इस साल जून-जुलाई में अंबाला से भी रीजनल कनेक्टिविटी योजना के तहत हवाई यात्रा की शुरुआत की जाएगी।
उन्होंने कहा कि हरियाणा केंद्र सरकार के साथ मिलकर एविएशन को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर काम कर रहा है जो भविष्य में भी जारी करेगा। चौटाला ने कहा कि केंद्र सरकार की एयरो स्पोर्ट्स पॉलिसी के तहत महेंद्रगढ़ में बाछौद हवाई पट्टी, जो कि देश की एकमात्र ऐसी हवाई पट्टी है, वहां हरियाणा सरकार स्काई डाइविंग एक्टिविटी को आगे ले गई है। डिप्टी सीएम ने बताया कि पिछले वित्त वर्ष में 1200 से ज्यादा स्काई डाइविंग की एक्टिविटी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस साल पिछले साल के मुकाबले डेढ़ गुना ज्यादा स्काई डाइविंग करवाने का लक्ष्य रखा है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा पिंजौर हवाई पट्टी पर हॉट एयर बैलून एक्टिविटी करवाने के साथ-साथ प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में अन्य एयरो स्पोर्ट्स एक्टिविटी को बढ़ावा दिया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार/रमेश/वीरेन्द्र