[ad_1]

करीमगंज (असम), 1 फरवरी (हि.स.)। चाय बागान के आदिवासियों ने स्थानीय जिला आयुक्त, पुलिस अधीक्षक को शिकायत की है कि जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर चाय बागान की चार हजार बीघा भूमि पर अवैध रूप से आकर बसे बांग्लादेशियों ने कब्जा कर लिया है। आदिवासियों ने अधिकारियों से इन अवैध कब्जेदारों से जमीन खाली कराने की मांग की है।
चाय बागान के आदिवासियों ने अपनी शिकायत में कहा गया है कि पथारकांदी विधानसभा क्षेत्र के लंगाई चाय बागान के आदमटीला डिवीजन के 4 नंबर में एक हजार बीघा चाय बागान की जमीन, आदमटीला डिवीजन 5 नंबर में एक हजार दो सौ बीघा, माइनाकोना में आठ सौ बीघा, सीमावर्ती लाइन में आठ सौ बीघा और निशानटीला में 300 बीघा जमीन पर अतिक्रमण किया गया है। अवैध रूप से बसे इन बांग्लादेशियों ने जमीन पर कब्जा करने और क्षेत्र में फिसरी, रबर का बगीचा भी बना लिया है।
आदिवासियों ने प्रशासन अतिशीघ्र बेदखली अभियान चलाकर जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के लिए स्थानीय विधायक, जिला आयुक्त, पुलिस अधीक्षक सहित मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भेजा है।
हिन्दुस्थान समाचार/ अरविंद/सुनील