[ad_1]


– अमृत भारत स्टेशन योजना में गुजरात के 46 रेलवे स्टेशनों एवं 136 रेलवे ओवरब्रिज-अंडरब्रिज को नया रूपरंग
अहमदाबाद, 26 फरवरी (हि.स.)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने स्पष्ट रूप से कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश और दुनिया को दिखा दिया है कि यदि लोगों की अच्छी सेवा करने की इच्छा शक्ति हो, तो गुड गवर्नेंस (सुशासन) द्वारा रेलवे सेवाओं में क्रांतिकारी परिवर्तन लाया जा सकता है। पटेल सोमवार को प्रधानमंत्री द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देश भर के 500 से अधिक रेलवे स्टेशनों तथा 1500 से अधिक रेलवे अंडरब्रिज (आरयूबी)-रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) का ई-शिलान्यास व ई-लोकार्पण किए जाने और रीडेवलपमेंट कार्यों को वर्चुअल माध्यम से सम्पन्न कराए जाने के समारोह में संबोधित कर रहे थे। इस योजना के अंतर्गत गुजरात के 46 रेलवे स्टेशनों और लगभग 130 आरयूबी-आरओबी को शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री पटेल अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह के माध्यम से इस कार्यक्रम में सहभागी हुए। योजनांतर्गत अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के 2379 करोड़ रुपये के रीडेवलपमेंट कार्य सहित गुजरात को कुल 3487 करोड़ रुपए से अधिक राशि के कार्य प्राप्त हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में देशभर में अविरत विकास की परंपरा बनी है। पिछले दशक में रेलवे सुविधाओं के स्पीड व स्केल; दोनों निरंतर बढ़ते रहे हैं। उन्होंने गुजरात को मिले रेल सेवा के विभिन्न कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 तक गुजरात को हर वर्ष केन्द्र सरकार औसत 500-600 करोड़ रुपये आवंटित करती थी। वर्ष 2014 के बाद गुजरात को रेलवे की अधोसंरचना सुविधाओं के विस्तार का व्यापक लाभ मिला है और राज्य में हाल में 17700 करोड़ रुपये के 48 रेलवे प्रोजेक्ट कार्यरत हैं। इतना ही नहीं, प्रधानमंत्री ने इस वर्ष के रेल बजट में गुजरात को 8500 करोड़ रुपये से अधिक राशि आवंटित की है। राज्य के 89 रेलवे स्टेशनों को वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित करने का भी आयोजन है।
समारोह में सांसद डॉ. किरीटभाई सोलंकी, महापौर प्रतिभा जैन, विधायक कौशिकभाई जैन तथा अहमदाबाद रेल मंडल के डीआरएम सुधीर कुमार शर्मा ने प्रासंगिक संबोधन किया और अहमदाबाद एवं गुजरात को प्राप्त हो रहे इस विकास उपहार को प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकसित भारत-विकसित गुजरात की दिशा समान बताया। उन्होंने कहा कि नए भारत के निर्माण के माध्यम से देश को 2047 तक विकसित भारत बनाने का प्रधानमंत्री का संकल्प है। पिछले 10 वर्ष में प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में हर क्षेत्र में अनेक विकास कार्यों के माध्यम से आज देश विकसित भारत के सपने को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। समारोह में रेल विभाग द्वारा आयोजित विकसित भारत चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक अमितभाई शाह, दिनेशभाई कुशवाह सहित रेलवे के पदाधिकारी-कर्मचारी और नागरिक आदि उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / बिनोद/प्रभात