[ad_1]

चंडीगढ़, 16 फरवरी (हि.स.)। भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह के पंचकूला स्थित आवास पर चोरी के मामले में अब छह माह बाद पंचकूला पुलिस ने शुक्रवार को मामला दर्ज किया है। चोरी के मामले में एक महिला सहित उनके दो नौकरों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार पंचकूला में क्रिकेटर युवराज सिंह की माता शबनम सिंह का घर है। शबनम सिंह ने एमडीसी थाने में शुक्रवार को दी शिकायत में बताया है कि सितंबर 2023 में उनके एमडीसी के मकान-18 में चोरी हुई थी। उस समय वे अपने गुरुग्राम वाले घर में रहने गई थीं। 5 अक्तूबर 2023 को जब वह पंचकूला स्थित अपने घर लौटीं तो देखा कि मकान की ऊपरी मंजिल के कमरे से गहने और पैसे गायब हैं। शबनम ने पुलिस को बताया कि घर की अलमारी से सोने के गहने और 75 हजार रुपये की चोरी हुई है। उस समय उन्होंने सभी नौकरों से पूछताछ की थी, लेकिन बाद में दोनों आरोपित नौकरी छोड़कर भाग गए। ऐसे में उन्हें शक है कि दोनों ने ही घर में सेंधमारी की है। उनकी शिकायत पर उनकी नौकरानी ललिता देवी और नौकर सिलेंदर दास के खिलाफ एमडीसी थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनील