[ad_1]

धर्मशाला, 21 जनवरी (हि.स.)। ‘सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम’ के दौरान जेओए (आईटी) मेन के नतीजे के ऐलान की गुहार लगाने कृषि मंत्री चंद्र कुमार से मिलने पंहुचे पहुंचे अभ्यर्थियों को मंच से खदेड़ने के बाद वहां काफी बबाल मच गया। कृषि मंत्री के इस रवैये से भड़के अभ्यर्थियों ने जहां चंद्र कुमार मुर्दाबाद के नारे लगाए वहीं सरकार की उपलब्धियों की प्रतियां भी फाड़ डाली। माहौल को गर्माता देख वहां मौजूद पुलिस कर्मियों को बीचबचाव कर अभ्यर्थियों को मंच से दूर किया गया। मौका ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम का था जोकि ज्वाली विधानसभा क्षेत्र के नगरोटा सूरियां में आयोजित किया गया।
उधर इस मौके पर जेओए (आईटी) मेन के परीक्षार्थी विकास, ज्योति, शिवानी, सुमित, रामकृष्ण, गौरव जैसे करीब 50 युवा कृषि मंत्री से मिलने पंहुचे थे। अभ्यर्थियों ने जेओए मेन का परीक्षा परिणाम जल्द घोषित करने की मांग मंत्री के समक्ष रखी लेकिन मंत्री ने उन्हें मंच से नीचे उतर जाने को कहा। जिससे वहां माहौल काफी गर्मा गया और अभ्यर्थियों ने मंत्री के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इतना ही नही वहां सरकार की उपलब्धियों की प्रतियां भी उन्होंने फाड़ डाली। उन्होंने कहा कि चार साल पहले यह परीक्षा दी थी। कांग्रेस पार्टी ने सत्ता में आने से पहले परीक्षा के परिणाम घोषित करने का वादा किया था। अब 14 महीने सरकार को बने हुए बीत गए, लेकिन परिणाम घोषित नहीं किया गया है।
अभ्यर्थियों ने कहा कि आज जब मंत्री चंद्र कुमार के सामने अपनी समस्या रखी तो उन्होंने उनकी बात तक नहीं सुनी। इस पर परीक्षार्थी भड़क उठे और सरकार की उपलब्धियों की बांटी गई प्रतियां तक फाड़ डालीं। इसके बाद अभ्यर्थियों ने चंद्र कुमार मुर्दाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए।
हिन्दुस्थान समाचार/सतेंद्र
/सुनील