[ad_1]

कृष्णानगर, 06 मार्च (हि.स.)। नदिया जिले की राणाघाट के सांसद व भाजपा उम्मीदवार जगन्नाथ सरकार बुधवार सुबह कृष्णानगर-आमघाटा रेल लाइन के काम का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि सांसद बनने के बाद मैं एक बार डीआरएम और जीएम को लेकर आया था। तब उन्होंने सिग्नल दिया था। रेल मंत्री ने नवद्वीप में स्वरूपगंज घाट तक के प्रोजेक्ट को मंजूरी दी थी। लेकिन चूंकि राज्य सरकार ने जमीन अधिग्रहण नहीं किया था इसलिए आमघाटा तक आकर प्रोजेक्ट रुक गया है।
भाजपा सांसद ने कहा कि इस रेलवे लाइन का उद्घाटन इसी फरवरी में होना था, लेकिन कुछ समस्याओं के कारण इसमें देरी हो गई है। जगन्नाथ सरकार ने कहा कि काम तेज गति से चल रहा है। यह रेलवे नवद्वीप के लोगों का ड्रीम प्रोजेक्ट है। अगर यह चालू हो जाता है, तो मुझे लगता है कि मेरी मेहनत सार्थक होगी। हालांकि सांसद ने आश्वासन दिया कि अगर यह ट्रेन चलेगी तो आम लोगों को काफी लाभ होगा। इससे एक ओर जहां टोटो चालकों की आय में काफी बढ़ोतरी होगी, वहीं दूसरी ओर पर्यटकों को भी काफी राहत मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में जगन्नाथ सरकार ने भाजपा पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ा था। राणाघाट सीट से सांसद बनने के बाद उन्होंने कृष्णानगर से नवद्वीप तक इलेक्ट्रिक ट्रेन चलाने की पहल की। इस संबंध में उन्होंने पूर्व रेलवे के डीआरएम से लेकर कई बड़े रेलवे अधिकारियों से बात की। इसी के तहत रेलवे विभाग के अधिकारी इलाके का दौरा करने आये थे। अनुमति मिलने के बाद लाइन का निर्माण शुरू हो गया। हिन्दुस्थान समाचार/ गंगा