[ad_1]

मेरठ, 15 फरवरी (हि.स.)। जानी थाना क्षेत्र के एनएच-58 बाईपास स्थित एमआईईटी कॉलेज के हॉस्टल में बीसीए प्रथम वर्ष की छात्रा ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
बागपत रोड एनएच-58 बाईपास पर एमआईईटी कॉलेज में बिहार के चंपारण जिला निवासी मनीषा पुत्री जितेंद्र बीसीए प्रथम वर्ष की छात्रा थी। वह कॉलेज परिसर स्थित हॉस्टल में कमरा नंबर 223 में रह रही थी। बुधवार देर रात मनीषा अपने हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटकी मिली। उसका कमरा अंदर से बंद था। सूचना पर जानी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानी थानाध्यक्ष प्रजंत त्यागी के अनुसार, मनीषा के कमरे में बिहार निवासी दो अन्य छात्राएं साक्षी व प्रियांशी भी रहती थीं। बुधवार को प्रियांशी का जन्मदिन था। इसके लिए कॉलेज के छात्र हिमांशु को केक लेने के लिए भेजा था। अपने जन्मदिन की अन्य तैयारी को लेकर प्रियांशी और साक्षी हॉस्टल की दूसरी छात्राओं के पास गई हुई थी। उन्होंने मनीषा से भी साथ चलने को कहा तो उसने पढ़ाई की बात कहकर साथ जाने से मना कर दिया। साक्षी व प्रियांशी के रूम से चले जाने के बाद मनीषा ने हॉस्टल रूम का गेट बंद कर लिया। कुछ समय बाद साक्षी व प्रियांशी लौटकर आईं तो उन्होंने अपने कमरे का दरवाजा खटखटाया तो मनीषा ने कोई उत्तर नहीं दिया। मनीषा का मोबाइल भी नहीं मिला। इस पर वहां छात्राओं की भीड़ लग गई। वार्डन आदि ने खिड़ी से झांककर देखा तो मनीषा पंखे से झूल रही थी। स्टाफ ने तुरंत कमरे का दरवाजा तोड़कर मनीषा को नीचे उतारा। मनीषा को अस्पताल भेजा गया तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, छात्रा के मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाई जा रही है। पूछताछ के लिए एक छात्र को हिरासत में लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार/डॉ कुलदीप/आकाश