[ad_1]

फतेहाबाद, 27 फरवरी (हि.स.)। बाढ़ से क्षतिग्रस्त सडक़ों के सुधार के लिए जिला में 15 करोड़ 59 लाख 92 हजार रुपये की राशि की स्वीकृति मिली है। इसमें से रतिया विधानसभा क्षेत्र के लिए लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त सडक़ों का निर्माण व रखरखाव एवं सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। जिला फतेहाबाद, रतिया विधानसभा क्षेत्र के गांव तथा जिला के साथ लगते सिरसा जिला के आपदा से क्षतिग्रस्त हुई सडक़ों के मुरम्मत व रखरखाव के लिए राशि जारी की गई है। यह कार्य निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्वक संपन्न करवाए जाएंगे।
रतिया के विधायक लक्ष्मण नापा ने मंगलवार को बताया कि बीते दिनों प्रदेश में आई बाढ़ से फतेहाबाद में रतिया क्षेत्र काफी प्रभावित हुआ। कई सडक़ें पानी के बहाव के कारण क्षतिग्रस्त हो गई थी, जिससे जनता को आने-जाने में बड़ी परेशानी हुई थी। उन्होंने बताया कि गांव में बाढ़ की वजह से टूटी सडक़ों का निर्माण अब जल्द शुरू कर दिया जाएगा। सिधानी से मुंदलियां, भिरड़ाना से रामपुरा, मूसा अहली से खुम्बर, जाखल धारसूल रोड से शकरपुरा, लांबा गांव से ढाणी लांबा, शकरपुरा गांव से शकरपुरा स्कूल, जाखल धारसूल रोड से कानाखेड़ा, रेहनवाली से चिलेवाला, पालसर से सेहनाल, ब्राह्मणवाला से रियोंद, जाखल धारसूल रोड से ढेर, भिरड़ाना से काता खेड़ी, नया गांव से चांदपुरा, देहमान से नेहला अनाजमंडी रोड, देहमन से गोरखपुर रोड, हांसपुर से भट्टू खुर्द रोड, भिरड़ाना से रजाबाद आदि तक जल्दी काम शुरू करवा दिया जाएगा ताकि वाहन चालकों के साथ-साथ नागरिकों को किसी प्रकार की समस्या न हो। सरकार द्वारा आपदा क्षतिग्रस्त सडक़ों के लिए करोड़ों रुपये की राशि स्वीकृत करने पर विधायक लक्ष्मण नापा ने मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल व सरकार का आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार/अर्जुन/संजीव