[ad_1]

रांची, 13 जनवरी (हि.स.)। एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर्स के मुकाबले शनिवार से शुरू हो गये।मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रो टर्फ हॉकी स्टेडियम में खेले गये दूसरे मुकाबले में जापान ने चेक गणराज्य की टीम को 2-0 से परास्त किया। इसमें जापान के लिए पहले ही क्वार्टर में मिउ सुजुकी ने एक गोल दाग दिया। दूसरे क्वार्टर में दोनों टीम एक दूसरे पर हमले करती रही। तीसरे क्वार्टर में जापान के लिए शिहोरी ओइकावा ने एक गोल दागकर अंतर 2-0 कर दिया। प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जापान की मिउ हसेगावा को मिला।
इससे पहले ओलंपिक क्वालिफायर के लिए शुरू हुए पहले मैच में जर्मनी और चिली के बीच मुकाबला हुआ।इसमें जर्मनी ने 3-0 से जीत कर अभियान की शुरुआत की। जर्मनी की ओर से पहला गोल सेलिन ओरुज और दूसरा गोल जेट फ्लेसचुज ने तथा लिजा नोल्टे ने तीसरा गोल दागा था। इसके बाद जापान-चेक गणराज्य के बीच मैच 2-0 के साथ खत्म हुआ। अब तीसरा मैच न्यूजीलैंड- इटली और चौथा भारत-अमेरिका के बीच होना है।
मैच के दौरान स्टेडियम में मौजूद पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, खेल मंत्री हफीजुल हसन, खेल सचिव मनोज कुमार, हॉकी इंडिया के आरके श्रीवास्तव, भोलानाथ सिंह समेत अन्य ने खिलाडियों का उत्साहवर्धन किया। मैच में दर्शकों के लिए इंट्री फ्री रखा गया था। सुरक्षा के लिहाज से भी जगह-जगह पर पुलिस बल के जवान और अधिकारी भी तैनात रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ वंदना/चंद्र प्रकाश
[ad_2]