[ad_1]

नाहन, 18 जनवरी (हि.स.)। उद्योग एवं संसदीय मामले मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने अपने शिलाई विधानसभा क्षेत्र प्रवास कार्यक्रम के तीसरे दिन वीरवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शिलाई के वार्षिक समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होने कहा कि स्कूल शिक्षा का मंदिर होते हैं हमें स्कूलों में भी मंदिर की तरह आचरण तथा साफ़ सफाई का पूर्ण ध्यान रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि बच्चे स्कूलों में पढ़ने के साथ-साथ अपना व्यक्तित्व का निर्माण भी करते हैं जो भविष्य में समाज के लिए उनकी साझेदारी दर्शाता है।
उद्योग मंत्री ने कहा कि बच्चों को आज उनके पाठ्यक्रम की किताबों के साथ साथ अन्य जानकारी भी हासिल करना ज़रूरी है बच्चों को अन्य किताबें तथा अख़बार पढ़ने का शौक़ डालना चाहिए। उन्हें पढ़ाई के साथ साथ खेलकूद प्रतियोगिताओं में भी भाग लेना चाहिए उन्होंने कहा कि आज हमारे क्षेत्र के कई बच्चों ने खेल में अपना तथा क्षेत्र नाम रोशन किया है।
उन्होंने कहा कि बच्चों को हर क्षेत्र में आगे आना चाहिए ताकि उनके व्यक्तित्व का पूर्ण निर्माण हो सके। उन्होंने कहा एक दिन की मेहनत से नहीं बल्कि कड़ी मेहनत से लोग जीवन में कामयाब होते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार/ जितेंद्र/सुनील