[ad_1]

आसनसोल (पश्चिम बर्दवान), 04 फरवरी (हि.स.)। आसनसोल दक्षिण से भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल लेफ्ट श्रमिक संगठन सीटू के मंच पर रविवार को अचानक पहुंच गईं। हालांकि उन्होंने दावा किया कि मजदूरों के पेट की लड़ाई में राजनीति का स्थान नहीं है। भाजपा विधायक ने तृणमूल पर निशाना साधते हुए दावा किया कि अभी तक कोई भी तृणमूल नेता यहां नहीं आया है। हालांकि, तृणमूल श्रमिक संगठन की ओर से इस आरोप को खारिज कर दिया गया है।
दरअसल, आसनसोल के बल्लभपुर पेपर मिल का 30 जनवरी का कार्य स्थगन नोटिस लग गया था। इसके बाद से ही बामपंथी मजदूर संगठन (सीटू) लगातार धरने पर बैठा हुआ है। रविवार को आसनसोल दक्षिण विधानसभा की विधायक अग्निमित्रा पॉल ने रैली में हिस्सा लिया।
सीटू महासचिव हेमंत प्रभाकर ने कहा कि यह लड़ाई श्रमिकों की जीविका की लड़ाई है। राजनीतिक मतभेदों के बावजूद अग्निमित्रा पॉल मजदूरों के लिए आगे आई हैं। राजनीति के मैदान में भाजपा से मुकाबला होगा। लेकिन आज वह पार्टी की नहीं, विधायक बनकर आई हैं। हम उनका स्वागत करते हैं।
अग्निमित्रा का दावा था कि मजदूरों के पेट की लड़ाई में राजनीति का कोई स्थान नहीं है। उन्होंने तृणमूल पर हमला बोलते हुए कहा कि अभी तक कोई भी तृणमूल नेता यहां नहीं आया है। वे लोग कटमनी खाकर अपना मुंह बंद कर रहे हैं। हालांकि, सभी आरोपों को खारिज करते हुए आईएनटीटीयूसी के उपाध्यक्ष अभिजीत भट्टाचार्य ने कहा, ”चुनाव सामने है। इसलिए सीपीएम और भाजपा वोट की राजनीति करते हुए यह दिखा रही है कि वे मजदूरों के पक्ष में हैं। सत्तारूढ़ दल हमेशा श्रमिकों के पक्ष में है।” हिन्दुस्थान समाचार /धनंजय /गंगा