[ad_1]







मुरादाबाद, 04 फरवरी (हि.स.)। मुरादाबाद के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में दस साल के नाबालिग के साथ कुकर्म करने और मोबाइल से वीडियो बनाने के आरोपित को थाना पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित के खिलाफ शनिवार को मुकदमा दर्ज कराने वाली पीड़ित बच्चे की मां का आरोप है कि आरोपित ने घटना के तीन माह तक बच्चे को ब्लैकमेल भी किया।
सिविल लाइंस क्षेत्र के रामगंगा विहार निवासी महिला ने थाना पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाते हुए कहा था कि उसका बेटा दसवीं कक्षा में पढ़ रहा है। तीन माह पूर्व रामगंगा विहार निवासी कशिश शुक्ला अपने घर बुलाकर ले गया था। आरोपित ने बच्चे के साथ कुकर्म किया था। इस दौरान आरोपित ने मोबाइल से वीडियो बना ली थी। आरोपित नाबालिग को वीडियो दिखाकर उसे ब्लैकमेल कर रहा था। इसके साथ ही आरोपित ने नाबालिग से उसकी बहन को घर बुलाने के लिए दबाव बनाने लगा था। शुक्रवार शाम को नाबालिग बच्चे ने अपनी बहन को घटना की जानकारी दी। तब परिजनों को पता चल पाया कि आरोपित कशिश शुक्ला ने बच्चे के साथ कुकर्म किया है।
थाना सिविल लाइंस एसएचओ रामप्रसाद शर्मा ने बताया कि आरोपित के खिलाफ शनिवार को दुष्कर्म, पॉक्सो और आईटी एक्ट में केस दर्ज किया गया था। आज आरोपित को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से आरोपित कशिश शुक्ला को जेल भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार/निमित/आकाश