[ad_1]

मुरैना, 13 मार्च (हि.स.)। चिन्नौनी थाना क्षेत्र के आमलीपुरा घाट पर बकरी चराने गया एक युवक चंबल नदी में डूब गया। युवक नहाने के लिए चंबल नदी में घुस गया था, लेकिन इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को काफी खोजा लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
बताया जाता है कि चिन्नौनी गांव निवासी राघवेन्द्र रावत पुत्र ऊदल रावत उम्र 20 साल अपने साथी हरबीर मल्लाह व दो अन्य के साथ बुधवार की दोपहर बकरियों चराने जंगल में गया था। जब वह आमलीपुरा के घाट पर पहुंचा तो वह अपने दोस्तों के साथ चंबल नदी में नहाने लगा। इसी दौरान राघवेन्द्र गहरे पानी में उतर गया और वहां वह डूब गया। जब इस बात की जानकारी उसके दोस्तों को हुई तो उन्होंने चिल्लाना शुरू किया। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण एकत्रित हुए और राघवेन्द्र को खोजा गया। पुलिस एवं एसडीआरएफ को सूचना दी गई। जिसके चलते एसडीआरएफ की टीम ने वहां पहुंचकर राघवेन्द्र को काफी तलाशा, लेकिन देर शाम तक कुछ भी पता नहीं चला। अब गुरूवार को पुन: एसडीआरएफ का दल युवक को चंबल नदी में तलाशेगा।
हिन्दुस्थान समाचार/शरद