[ad_1]

मुंबई,18 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र की ठाणे पुलिस ने यूपी के वाराणसी में एक ड्रग फैक्टरी पर स्थानीय एसटीएफ के साथ मिलकर छापा मारकर 2.64 करोड़ रुपये का एमडी ड्रग जब्त की है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस मामले की गहन छानबीन पुलिस कर रही है।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) शिवराज पाटिल ने सोमवार को मुंबई में पत्रकारों को बताया कि ठाणे पुलिस की अपराध शाखा की एक टीम ने वाराणसी स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के साथ 16 मार्च को भगवतीपुर, वाराणसी के पिंडरा गांव में कारखाने पर छापा मारा। ठाणे पुलिस ने कारखाने के परिसर से सामग्री, सहायक उपकरण, मशीनरी और वाहनों के साथ 2.64 करोड़ रुपये मूल्य की 2.6 किलोग्राम एमडी ड्रग जब्त किया है। शिवराज पाटिल ने बताया कि एमडी ड्रग बनाने वाली फैक्ट्री से जब्त किए सभी सामान को ड्रग सहित कुल कीमत 27.8 करोड़ रुपये है। उन्होंने बताया कि यहां से पकड़े दोनों आरोपितों की पहचान अतुल अशोक कुमार सिंह (26) और संतोष हडबाड़ी गुप्ता (38) के रुप में हुई है।
पुलिस के अनुसार ठाणे पुलिस ने जनवरी और फरवरी में कासारवाडवली इलाके से चार लोगों को गिरफ्तार किया था। इन आरोपितों के पास से 14 लाख रुपये मूल्य का 4.81 ग्राम मेफेड्रोन जब्त किया था, जो वसई और आसपास के इलाकों के निवासी थे। इन आरोपितों ने पूछताछ के पुलिस को वाराणसी में चल रही ड्रग फैक्ट्री की जानकारी दी थी। इस जानकारी के आधार पर वरिष्ठ निरीक्षक दिलीप पाटिल और एसटीएफ के नेतृत्व में एक टीम ने पिंडरा में कारखाने पर छापा मारा। इस मामले की गहन छानबीन जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर/सुनील