[ad_1]

गुवाहाटी (असम), 11 मार्च (हि.स.)। असम में सत्तारूढ़ गठबंधन के सहयोगी असम गण परिषद (अगप) द्वारा राज्य के धुबड़ी और बरपेटा लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों की आज घोषणा कर दी गई। पार्टी अध्यक्ष अतुल बोरा ने मीडिया को जानकारी दी कि पार्टी के वरिष्ठ नेता फणि भूषण चौधरी को बरपेटा सीट से पार्टी का उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि धुबड़ी सीट से जावेद इस्लाम को असम गण परिषद की टिकट दी गई है।
इसी बीच कोकराझाड़ सीट से यूपीपीएल द्वारा राजू कुमार नार्जरी को टिकट दिए जाने की खबरें आ रही है। हालांकि, इस सिलसिले में पार्टी के अध्यक्ष प्रमोद बोड़ो ने अब तक खुलासा नहीं किया है।
उल्लेखनीय है कि राज्य की कुल 14 लोकसभा सीटों में से 11 सीटों पर सत्तारूढ़ भाजपा द्वारा अपने उम्मीदवारों की घोषणा की जा चुकी है। जबकि, दो सीटें इसके सहयोगी दलों अगप तथा एक सीट यूपीपीएल को दिये गये हैं।
हिन्दुस्थान समाचार /श्रीप्रकाश/अरविंद