[ad_1]


गुवाहाटी, 18 फरवरी (हि.स.)। पूर्वोत्तर सीमा रेल (पूसीरे) की रेलवे सुरक्षा बल (रेसुब) ने नियमित जांच और अभियान चलाकर यात्रियों के सामान की चोरी के आरोप में विभिन्न स्टेशनों प ट्रेनों से छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से लगभग 72.5 हजार रुपये के कीमती सामान बरामद किया।
पूसीरे के सीपीआरओ ने रविवार को बताया है कि रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में इस जांच की। इस दौरान रेसुब ने ट्रेनों और गुवाहाटी, डिमापुर, किशनगंज, कटिहार, अलीपुरद्वार, न्यू जलपाईगुड़ी आदि रेलवे स्टेशनों से लगभग 72.5 हजार रुपये के कीमती सामान बरामद किया। रेसुब के जवानों ने चाेरी के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार कर बरामद सामान के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी के संबंधित प्रभारियों को सौंप दिया।
पूसीरे के सीपीआरओ ने बताया है कि गत 16 फरवरी को अलीपुरद्वार की रेसुब टीम ने अलीपुरद्वार की सीपीडीएस टीम और सीआईबी टीम के साथ संयुक्त रूप से कोलकाता- गुवाहाटी ट्रेन में चोरी के दो मोबाइल फोन के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। उसी दिन गुवाहाटी रेसुब टीम ने गुवाहाटी रेलवे स्टेशन पर जांच अभियान चलाकर चोरी के दो मोबाइल फोन के साथ एक व्यक्ति को पकड़ा। 15 फरवरी को न्यू जलपाईगुड़ी की रेसुब ट्रेन एस्कॉर्ट टीम ने ब्रह्मपुत्र मेल ट्रेन से चोरी के दो मोबाइल फोन के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया। इसी तरह 14 फरवरी को कटिहार (पूर्व) की रेसुब टीम ने सीपीडीएस और कटिहार की जीआरपी ने कटिहार रेलवे स्टेशन पर जांच अभियान चलाकर एक व्यक्ति को पकड़ा। उसके पास से चोरी का लेडी पर्स बरामद किया। उसी दिन किशनगंज की रेसुब टीम ने न्यू जलपाईगुड़ी की सीआईबी टीम ने किशनगंज रेलवे स्टेशन पर जांच अभियान चलाकर चोरी का एक मोबाइल फोन के साथ गिरफ्तार किया और 13 फरवरी को डिमापुर की रेसुब टीम ने बीजी एक्सप्रेस में डिमापुर रेलवे स्टेशन पर चोरी के मोबाइल के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
उन्होंने बताया कि जनवरी, 2024 में पूसीरे की रेसुब ने यात्रियों के सामान की चोरी में लिप्त 30 लोगों को गिरफ्तार किया और यात्रियों के 40 मोबाइल, 01 लैपटॉप और नकद आदि बरामद की थी। जिनकी कुल कीमत लगभग 6.52 लाख रुपये है। पकड़े गए सभी व्यक्तियों को बरामद सामान के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित जीआरपी प्रभारी को सौंप दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार/ अरविंद/सुनील