[ad_1]

नगांव (असम), 04 मार्च (हि.स.)। नगांव के कांग्रेस सांसद प्रद्युत बरदलै ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी एक नियम से चलने वाली पार्टी है। चुनाव आदि मामलों पर फैसला लेने के लिए कांग्रेस की सर्वोच्च चुनाव इकाई कांग्रेस इलेक्शन कमेटी (सीईसी) उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया को अंतिम रूप देगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सांसद होने के नाते उन्होंने अपनी वर्तमान सीट नगांव से चुनाव में टिकट के लिए आवेदन किया है।
उन्होंने कहा कि बीते लोकसभा चुनाव में 30 साल के बाद नगांव सीट को वापस लाने में कांग्रेस सक्षम हुई थी। उन्होंने आशा जताई कि इस बार भी कांग्रेस पार्टी यह सीट भारी मतों के अंतर से जीतेगी। एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि पार्टी के हर कार्यकर्ता को चुनाव में टिकट के लिए अपना आवेदन देने का अधिकार है। यह पार्टी निर्णय लेती है कि किस उम्मीदवार को टिकट देना पार्टी के लिए लाभप्रद है।
एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी भी कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने की बातें नहीं कही। मीडिया में इस प्रकार की कहानी गढ़ी जाती है, ताकि हमारे कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट सके। इस दौरान सांसद बरदलै ने पत्रकारों के कई प्रश्नों के सीधे-सीधे उत्तर दिए।
हिन्दुस्थान समाचार /श्रीप्रकाश/अरविंद