[ad_1]



अयोध्या, 24 जनवरी (हि.स.)। श्रीराम मन्दिर में विराजमान श्रीरामलला के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की लम्बी कतारें लगी हैं। प्राण प्रतिष्ठा मे अगले दिन पांच लाख दर्शनार्थियों ने दर्शन का लाभ लिए। अब उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड और राजस्थान के मंत्रिमंडल के दर्शन करने की तिथियां भी तय की जा चुकी है। इधर, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, चार फरवरी को श्रीरामलला का दर्शन करने आ सकते हैं। हालांकि गृह विभाग इनके दौरे को लेकर अभी जानकारियां जुटा रहा है।
यह है मंत्रिमंडल दर्शन का कार्यक्रम
पहली फरवरी को उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल द्वारा श्रीरामलला दर्शन किया जायेगा। इसी दिन मंत्रियों का यह दल श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का भ्रमण भी करेंगे। दो फ़रवरी को उत्तराखंड का मंत्रिमंडल का मंदिर दर्शन करने को अयोध्या पहुंचेगा, जबकि तीन फरवरी के दिन राजस्थान मंत्रिमंडल के लिए श्रीराम जन्मभूमि मंदिर दर्शन व भ्रमण करने का कार्यक्रम तय किया गया है।
चार को केंद्रीय गृहमंत्री के अयोध्या पहुंचने की संभावना
इधर, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा श्रीरामलला का दर्शन करने आने की तिथियों पर विचार किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक इनके श्रीराम मंदिर पहुंचने की संभावित तिथियों पर मंथन जारी है। गृहमंत्री का आगमन चार फरवरी या रिपोर्ट के मुताबिक तय हो सकती है।
अधिकारियों ने सम्भाली कमान
इधर, सुरक्षा को पुख्ता करते हुए प्रशासन ने अयोध्या धाम को आठ जोन में बांट दिया है। इसमें सुरक्षा व्यवस्था का दायित्व मजिस्ट्रेट लेबल अधिकारी को दिया गया है। इनके कंधों पर शांति, सुरक्षा, यातायात, लोक व्यवस्था जैसी जिम्मेदारियां सौंपी गयी हैं। ये श्रीराम मंदिर परिसर के भीतर की संपूर्ण व्यवस्था, मंदिर के भीतर दर्शन करने वाले क्षेत्र, बिड़ला धर्मशाला तिराहा, बिरला धर्मशाला से दर्शन का मुख्य गेट तक, बिरला धर्मशाला से नयाघाट स्थित लताचौक तक, लता मंगेशकर चौक से धर्मपथ तक, श्रृंगार हॉट तिराहा और उदया चौराहा से बिरला चौराहा और आसपास के क्षेत्र में व्यवस्था की कमान संभालेंगे। इस कार्य को सम्पादित करने के लिए कुल 15 मजिस्ट्रेट तैनात किये गये हैं। इनमें से दो मजिस्ट्रेट पर मंदिर के भीतर आने वाले दर्शनार्थियों के गर्भगृह तक जाने पर नजर रखी जाएगी।
पुलिसकर्मियों की ड्यूटी बढ़ाई गयी
अयोध्या में तैनात पुलिस कर्मियों की ड्यूटी बढ़ा दी गयी है। अब ये 25 जनवरी तक अयोध्या धाम में अपनी ड्यूटी बजायेंगे। पहले अन्य जनपदों से आई पुलिस की ड्यूटी 23 जनवरी तक लगाई गयी थी।
हिन्दुस्थान समाचार/डॉ. आमोदकांत /राजेश