[ad_1]

इंस्टाग्राम पर फॉलो करने और पैसे कमाने के लिए कॉल आया
इस तरह हो रही ठगी से सावधान रहे नागरिक : मोहित हांडा
हिसार, 22 मार्च (हि.स.)। जिले के एक युवक को क्रिप्टो में इन्वेस्टमेंट का झांसा देकर उससे 17 लाख रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। ठगी का अहसास होने पर युवक ने साइबर थाना में शुक्रवार को शिकायत दी है। पुलिस प्रशासन ने ऐसे मामलों में नागरिकों को सचेत रहने की हिदायत दी है।
पुलिस के अनुसार हाल ही में साइबर थाना में एक ऐसा मामला आया है जिसमे एक युवक से क्रिप्टो में इन्वेस्टमेंट के नाम पर लगभग 17 लाख रुपए ठगी कर ली गई। ठगी का शिकार हुए युवक ने थाना साइबर में शिकायत दी है। उसने बताया कि उसके पास इंस्टाग्राम पर फॉलो करने और पैसे कमाने के लिए कॉल आया और उसका टेलीग्राम के जरिए एक व्यक्ति से संपर्क हुआ। उन्होंने उसे क्रिप्टोकरेंसी के लिए लिंक दिया। उस लिंक पर पीड़ित ने आईडी बनाई और 20 हजार रुपए से शुरुआत की, जिसमें उसने 40 हजार जीते। इस तरह से उसने कुल 17 लाख रूपये निवेश किए और उसकी आईडी में 20 लाख दिखाया। जब पीड़ित ने भुगतान के लिए कहा तो उसे टेलीग्राम ग्रुप से भी हटा दिया और उसकी क्रिप्टो वेबसाइट से उसकी आईडी भी हटा दी। साइबर पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
उधर, जिले के एसपी मोहित हांडा का कहना है कि साइबर ठगी के मामले हर दिन सामने आ रहे हैं। ऐसे में नागरिकों को सावधान रहने की जरूरत है ताकि वे ठगी के शिकार होने से बच सकें। साइबर अपराधी लगातार नागरिकों को क्रिप्टो में इन्वेस्टमेंट जैसे स्कैम में फंसा कर ठगी कर रहे है। पुलिस अधीक्षक ने यह मामला सामने आने के बाद शुक्रवार को कहा कि डिजिटल निवेश समय के साथ बढ़ा है। क्रिप्टो निवेश में लोकप्रियता के कारण धोखेबाज अलग-अलग तरीके से निवेशकों को धोखा दे रहे है।
साइबर जालसाज सोशल मीडिया चैनलों पर आमजन को लालच देते हैं और क्रिप्टो में निवेश पर उच्च प्रतिलाभ का वादा करते हैं। वे कॉल या एसएमएस भी भेज सकते हैं, मैसेंजर चैनलों पर नागरिकों को जोड़ निवेश पर उच्च रिटर्न का वादा करते हैं। साथ ही आपको गारंटी देते है कि कम समय में आपके निवेश को क्रिप्टो करेंसी में दोगुना करने का वादा कर धोखाधड़ी करते है। किसी की प्रकार की धोखाधडी की रिपोर्ट साइबर क्राइम पोर्टल या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर करें। इसके अलावा बिना संपूर्ण जानकारी कहीं भी निवेश ना करें।
हिन्दुस्थान समाचार/राजेश्वर/संजीव