[ad_1]








– शराब पीकर मारपीट करने से आजिज आकर की थी हत्या
यमुनानगर, 29 फरवरी (हि.स.)। पुलिस ने जगाधरी की द्वारकापुरी निवासी हितेश राणा की हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। हितेश की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी और बेटे गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों को कोर्ट में पेश करेगी।
सोमवार 26 फरवरी की सुबह को जगाधरी के जड़ोंदी क्षेत्र के नजदीक नहर के कच्चे रास्ते पर एक युवक का अधजला शव मिला था। मृतक की पहचान हितेश राणा (40) निवासी द्वारकापुरी जगाधरी के रूप में हुई थी। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया और कई टीमें अलग-अलग एंगल से जांच के लिए लगाई हुई थी। मृतक के बेटे भानु के अलग-अलग बयानों पर शक होने से उससे गहन पूछताछ करने पर सारी वारदात की पोल खुल गई।
जगाधरी शहर थाना प्रभारी नरेन्द्र राणा ने बताया कि ड्राइवर हितेश राणा शराब पीने का आदि था। वह अपनी पत्नी और बेटे के साथ अक्सर मारपीट करता था। 25 फरवरी की रात को हितेश ने शराब पीकर पत्नी और बेटे से मारपीट की। जिससे गुस्से में आकर बेटे भानु ने पिता हितेश का कपड़े से गला दबा दिया और उसकी हत्या कर दी। फिर मां पिंकी के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से उसके शव को जलाकर फेंक दिया और अगले दिन पुलिस को मनगढ़ंत कहानी बताई थी। पुलिस ने हितेश की हत्या के आरोप में उसकी पत्नी पिंकी व बेटे भानु को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि इन दोनों आरोपित मां-बेटे को गुरुवार को कोर्ट में पेश कर रिमांड की मांग की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार/अवतार/सुनील