[ad_1]

हरिद्वार, 9 फ़रवरी (हि.स.)। जनपद के लंढौरा में एक बुजुर्ग ने बिजली का करंट लगाकर अपनी 52 वर्षीय पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपित ने स्वयं पुलिस थाना पहुंचकर सूचना दी। आरोपित के पुत्र ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक यूपी के बुढ़ाना निवासी 60 वर्षीय हामिद पुत्र तालीफ काफी समय से सपरिवार लंढौरा में किराए पर रह रहा था। गुरुवार रात को परिवार के लोग पास वाले कमरे में सोए थे। हामिद उसकी 52 वर्षीय पत्नी खातून और छह साल की बच्ची शबनम के साथ दूसरे कमरे में सोए थे। रात करीब एक बजे हामिद ने बिजली के प्लग में तार लगाकर सोई हुई पत्नी के मुंह में लगा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपित पति लंढौरा पुलिस चौकी पहुंचा। आरोपित ने पुलिस को बताया कि पत्नी का आचरण सही नहीं था। इसलिए उसने पत्नी की हत्या की है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुत्र नदीम ने आरोपित पिता के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। चौकी प्रभारी नवीन चौहान ने बताया कि आरोपित को पत्नी पर गलत आचरण होने का शक था। शक के आधार पर ही उसने अपनी पत्नी की हत्या की है।
हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/सुनील