[ad_1]

बाक्सा (असम), 11 मार्च (हि.स.)। बोडोलैंड टेरिटोरियल काउंसिल (बीटीसी) के प्रमुख एवं यूपीपीएल पार्टी के अध्यक्ष प्रमोद बोड़ो ने आज स्पष्ट किया कि अगले दो दिनों के अंदर कोकराझाड़ सीट के लिए यूपीपीएल के उम्मीदवार के नाम की घोषणा की जाएगी। उल्लेखनीय है कि यूपीपीएल को कोकराझाड़ की सीट भाजपा गठबंधन की ओर से छोड़ दिया गया है।
प्रमोद बोड़ों आज बाक्सा जिले के बागानपाड़ा में एक सिनेमा हॉल की आधारशिला रखने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कोकराझाड़ सीट पर सत्तारूढ़ गठबंधन के उम्मीदवार भारी मतों से चुनाव जीतेंगे। बोडोलैंड के लोगों ने केंद्र की नरेन्द्र मोदी, राज्य की डॉ. हिमंत बिस्व सरमा तथा बीटीसी की यूपीपीएल सरकार के कार्यों पर भरोसा करते हुए गठबंधन के उम्मीदवार को भारी मतों से जिताएंगे।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में बीटीसी में शांति स्थापित हुई है, जिस कारण विकास का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इस दौरान प्रमोद बोड़ो ने पत्रकारों के अन्य कई सवालों के उत्तर दिए।
हिन्दुस्थान समाचार /श्रीप्रकाश/अरविंद