[ad_1]

– यात्रा में विहिप के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल ने शिरकत की थी
– साइकिल यात्रा निकालने वाले छात्र अपने अध्यापक के साथ रामलला के दर्शन करने जाएंगे
सहारनपुर, 20 जनवरी (हि.स.)। श्रीराम मंदिर आंदोलन में हिस्सेदारी में सभी सनातनियों का विशेष योगदान रहा है। जिसके फलस्वरुप आज अयोध्या में भव्य राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का महायज्ञ आरंभ हो चुका है। इस महायज्ञ में देवबंद से स्कूली छात्रों ने अपनी आहुति देते हुए स्वयं को अपने अध्यापकों के साथ न्यौछावर किया था।
इन्हीं 34 वर्ष पुरानी स्मृतियों को याद करते हुए एमपीएम इंटर कॉलेज शिमलाना के अध्यापक एवं बजरंग दल के पूर्व तहसील संयोजक ओमपाल धीमान ने अपने राम मंदिर आंदोलन को लेकर शुरू की गई साइकिल या़त्रा की पुरानी यादों को हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी से साझा किया।
ओमपाल धीमान ने बताया कि उनके नेतृत्व में वर्ष 1990 में 25 गांव के 50 छात्रों ने देवबंद से सहारनपुर तक साइकिल यात्रा निकाली थी। इतना ही नहीं सहारनपुर में आयोजित साइकिल यात्रा में विहिप के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल ने भी शिरकत की थी। अपनी उन दिनों की स्मृतियों को याद करते हुए ओमपाल धीमान बताते हैं कि अब वही 50 छात्र उन्हें उत्साहित करते हुए अयोध्या जाकर नवनिर्मित भगवान राम के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत दर्शन करने का कार्यक्रम बनाने की इच्छा प्रकट कर रहे हैं।
ओमपाल पुरानी यादों को आज भी संजोए हुए हैं और बताते हैं कि रैली में साइकिल से पहुंचने पर अशोक सिंघल ने उन्हें और बजरंग दल के जिला संयोजक इकबाल सिंह, पवन धीमान, सुभाष सिंह और सुखपाल सिंह को सम्मानित किया था। ओमपाल धीमान ने अपने छात्रों को आश्वस्त किया कि वह उनके साथ प्राण प्रतिष्ठा के बाद शीघ्र ही अयोध्या पहुंच नवनिर्मित भव्य राम मंदिर में प्रभु श्री रामलला के दर्शन करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार/मोहन/मोहित/दिलीप