[ad_1]
-धोलेरा में सेमीकंडक्टर फैब्रिकेशन यूनिट तथा साणंद में सेमीकंडक्टर एटीएमपी यूनिट की स्थापना को मंजूरी, आगामी 100 दिनों में प्लांट का कन्स्ट्रक्शन वर्क शुरू होगा
गांधीनगर, 29 फरवरी (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने गुजरात में दो सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट की स्थापना को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भारत का सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग हब बनने की ओर अग्रसर गुजरात में दो नए प्रकल्पों को मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताया है।
प्रधानमंत्री ने गुरुवार को आयोजित मंत्रिमंडल की बैठक में भारत में सेमीकंडक्टर्स तथा डिसप्ले मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम डेवलप करने के उद्देश्य से गुजरात में दो तथा असम में एक सहित कुल तीन सेमीकंडक्टर इकाइयों की स्थापना को मंजूरी दी। इस मंजूरी के अनुसार गुजरात में धोलेरा में सेमीकंडक्टर फैब्रिकेशन यूनिट तथा साणंद में सेमीकंडक्टर एटीएमपी (असेम्बलिंग, टेस्टिंग, मार्किंग, पैकेजिंग) यूनिट की स्थापना को मंजूरी दी गई है। इन दोनों यूनिट-प्लांट का कन्स्ट्रक्शन वर्क आगामी 100 दिनों में शुरू होगा। धोलेरा में कुल 91 हजार करोड़ रुपये के निवेश के साथ टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड तथा ताईवान की कंपनी पावरचिप सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कॉर्पोरेशन साथ मिल कर प्लांट की स्थापना करेगी। यह प्लांट प्रतिमाह 50000 सेमीकंडक्टर वेफर का उत्पादन करेगा।
इस प्रकार की सेमीकंडक्टर चिप का इलेक्ट्रिक व्हीकल, टेलीकॉम, डिफेंस, ऑटोमोटिव तथा पावर मैनेजमेंट में उपयोग होता है। साणंद में सी.जी. पावर, रेनेसास इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन-जापान तथा स्टार्स माइक्रो इलेक्ट्रॉनिक्स-थाईलैंड के संयुक्त उपक्रम से 7600 करोड़ रुपये के निवेश से सेमीकंडक्टर एटीएमपी प्लांट शुरू होगा। यहां उल्लेखनीय है कि साणंद में सेमीकॉन कंपनी का सेमीकंडक्टर एटीएमपी प्लांट निर्माणाधीन है। ऐसे में इस दूसरे प्लांट को मंजूरी मिलने से अब साणंद में कुल दो सेमीकंडक्टर एटीएमपी प्लांट कार्यरत होंगे। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने गत जुलाई-2023 में ही सेमीकॉन कंपनी के एटीएमपी प्लांट का शिलान्यास किया था। प्रधानमंत्री के सेमीकंडक्टर मिशन एवं मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में बनी गुजरात सेमीकंडक्टर पॉलिसी 2022-27 के परिणामस्वरूप गुजरात में कुल तीन सेमीकंडक्टर यूनिट स्थापित होने जा रहे हैं। सेमीकंडक्टर पॉलिसी लागू करने वाला गुजरात देश का पहला राज्य है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन में गुजरात सरकार ने जुलाई-2022 में सेमीकंडक्टर पॉलिसी की घोषणा की थी। यहां उल्लेखनीय है कि गत जनवरी में ‘वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट-2024 : गेटवे टु द फ्यूचर’ सेमीकंडक्टर जैसे भावी उभरते क्षेत्रों पर फोकस के साथ आयोजित हुई थी। इस समिट में सेमीकंडक्टर तथा इलेक्ट्रॉनिक्स विषयों पर स्पेसिफिक सेमिनार्स का भी आयोजन किया गया था। इसके अलावा, गत वर्ष जुलाई में सेमीकॉन इंडिया प्रदर्शनी भी गुजरात में आयोजित हुई थी। अब आज जब विश्व की विख्यात सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों के प्लांट गुजरात में स्थापित होने जा रहे हैं, ऐसे में गुजरात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में सेमीकंडक्टर क्षेत्र में बहुत बड़ा परिवर्तन लाने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
हिन्दुस्थान समाचार/बिनोद/आकाश