[ad_1]

फिरोजाबाद, 26 जनवरी (हि.स.)। थाना उत्तर क्षेत्र अन्तर्गत बधाई मांगकर आ रहे किन्नर पर चाकू से जानलेवा हमला करना दो सगे भाइयों को महंगा पड़ा है। पुलिस ने शुक्रवार को दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मामला थाना उत्तर से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार 25 जनवरी को थाना रामगढ़ क्षेत्र के नगला बरी निवासी पिंकी किन्नर अपने अन्य साथियों के साथ रामकिशन नगर थाना उत्तर की गलियों में बधाई मांगने गई थी। वह संजीवनी हॉस्पीटल वाली गली के अन्दर बधाई मांगने पहुंची, जैसे ही वह गली में एक घर से बधाई लेकर निकल रहे थे तभी मोनू उर्फ मेन्टल व आकाश पुत्रगण गंगाचरन उर्फ मुन्नालाल निवासी रामकिशन नगर थाना उत्तर ने अपने घर से निकलकर पिंकी किन्नर के साथ गाली गलौच करना शुरू कर दिया। जब पिंकी किन्नर ने इसका विरोध किया तो इन लोगों ने किन्नर पर चाकू से हमला कर दिया।
पिंकी किन्नर ने थाना उत्तर पहुंचकर पुलिस को घटना से अवगत कराते हुए दोनों भाई के खिलाफ जानलेवा हमले की लिखित तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी।
थाना उत्तर प्रभारी कुलदीप दीक्षित पुलिस टीम के साथ शुक्रवार को क्षेत्र में गस्त पर थे, तभी उन्होंने सूचना पर अभियुक्त मोनू उर्फ मेन्टल व आकाश को रामकिशन नगर से गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों के कब्जे से एक चाकू बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास है।
हिन्दुस्थान समाचार/कौशल/राजेश