[ad_1]

जम्मू, 2 मार्च (हि.स.)। जम्मू क्षेत्र के कई हिस्सों में शनिवार को दूसरे दिन भी लगातार बारिश के कारण अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रांत में तेज हवाओं के कारण तीन दर्जन से अधिक घरों और अन्य संरचनाओं को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि भलेसा के बटमास-चंगा गांव की रहने वाली सुहंक्षा देवी की डोडा जिले में आंधी के कारण उनके घर की छत गिरने से मौत हो गई और उनका भाई घायल हो गया।
अधिकारियों ने कहा कि डोडा जिले की गंदोह तहसील में कम से कम 10 अन्य घरों को नुकसान पहुंचा और पास के किश्तवाड़ जिले में त्रिगाम, पालमार, मुगल मैदान और आसपास के इलाकों में तूफान से 15 और घर और अन्य संरचनाएं क्षतिग्रस्त हो गईं।
उन्होंने बताया कि उधमपुर जिले के मौड पासी में भारी बारिश के बीच एक ईंधन टैंकर चालक की तब मौत हो गई जब उसने नियंत्रण खो दिया और उसका वाहन पहाड़ी से टकरा गया। अधिकारियों ने बताया कि राजौरी जिले के मनूर गाला में पहाड़ी से एक पत्थर एक यात्री बस से टकराने से छह लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि बस मंदिर गाला से राजौरी जा रही थी और घायल यात्रियों को अस्पताल ले जाया गया है।
अधिकारियों ने कहा कि तेज हवाओं ने खारी तहसील के त्रिगाम, कुडजी, टांका और मंगित में तीन स्कूल भवनों और एक सार्वजनिक स्वास्थ्य केंद्र की छतों को भी नुकसान पहुंचाया जबकि उप-मंडल बनिहाल, रामसू और गूल में एक दर्जन से अधिक घरों की छतें क्षतिग्रस्त हो गईं। उन्होंने बताया कि जिले के बटोत इलाके में एक धार्मिक स्कूल की इमारत पर पेड़ गिरने से उसे भी नुकसान पहुंचा है।
अधिकारियों ने बताया कि पिछले 24 घंटों में पुंछ में पीर की गली, किश्तवाड़ में सिंथन टॉप, डोडा जिले में चतरगाला सहित ऊंचाई वाले इलाकों में दो से तीन फीट तक बर्फबारी हुई है। दिन के दौरान जम्मू के विभिन्न हिस्सों में ओलावृष्टि भी हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार/बलवान