[ad_1]

जलपाईगुड़ी, 22 मार्च (हि.स.)। एशियन हाईवे पर ट्रक अनियंत्रित होकर दुकान में घुसने से एक युवती की मौत हो गई है। घटना शुक्रवार तड़के मयनागुड़ी भोटपट्टी गोदाम मोड़ इलाके की है। मृतक युवती का नाम पंचमी सरकार (26) है। इस घटना में कुल तीन दुकानें क्षतिग्रस्त हो गए।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, ट्रक चेंगराबांधा से मयनागुड़ी की ओर आ रहा था। तभी ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दुकान में घुस गया। घटना के समय पंचमी दुकान के अंदर अपने भाई के साथ पढ़ाई कर रही थी। घटना के बाद भाई-बहन दुकान के मलबे के नीचे फंस गए। हादसे के बाद तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना पाकर मयनागुड़ी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और अर्थमूवर से ट्रक को हटाकर युवती के शव को बरामद किया। जबकि युवती के भाई आलोक सरकार सुरक्षित था। पुलिस ने ट्रक के चालक को अपने हिरासत में ले लिया है। इस घटना में शामिल ट्रक को भी जब्त कर लिया है। मयनागुड़ी थाने की पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। हिन्दुस्थान समाचार /सचिन /गंगा