[ad_1]




– ‘महाराज पृथु छात्रावास’ भवन का उद्घाटन
गुवाहाटी, 27 जनवरी (हि.स.)। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान से संबद्ध शिशु शिक्षा समिति के अंतर्गत गुवाहाटी के हाजोंगबाड़ी स्थित विद्या भारती बहुउद्देशीय शैक्षिक परियोजना में नवनिर्मित ‘महाराज पृथु छात्रावास’ भवन का शनिवार को उद्घाटन किया गया। भवन का उद्घाटन प्रागज्योतिषपुर विश्वविद्यालय के आचार्य डॉ. प्रदीप कुमार जोशी की उपस्थिति में मुख्य अतिथि केंद्रीय आयुष और पत्तन, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल के द्वारा किया गया।
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री सोनोवाल ने कहा कि छात्रों को अपने काम से विश्व विजय करने के लिए स्वयं को सशक्त बनाना होगा। इसके लिए हमें शिक्षा व्यवस्था में आमूल-चूल परिवर्तन करना होगा। सोनोवाल ने कहा कि आत्मनिर्भर बनने के लिए हमें अपनी क्षमता, कौशल और शिक्षा का दायरा बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने इस कार्य में लंबे समय से संलग्न रहने के लिए विद्या भारती की सराहना की। उन्होंने कहा कि हमारे पास दुनिया को देने के लिए बहुत कुछ है। हमें बस अपना स्वाभिमान जगाने की आवश्यकता है। इसके लिए भारत केंद्रित और स्वाभिमान युक्त शिक्षा की आवश्यकता है।
इस मौके पर डॉ. जोशी ने कहा कि हमारे छात्रों को हिंदू नायक महाराजा पृथु से प्रेरणा लेनी चाहिए और उस प्रेरणा और साहस के बल पर मातृभूमि के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखानी चाहिए। उन्होंने देश के स्वाभिमान को जागृत करने के लिए विद्या भारती और उसके सहयोगी संगठनों द्वारा किए जा रहे निरंतर कार्यों की भी सराहना की।
समारोह में विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान के संगठन मंत्री केएन रघुनंदन, विद्या भारती पूर्वोत्तर क्षेत्र के सचिव डॉ. जगदींद्र रॉय चौधरी, विद्या भारती पूर्वोत्तर क्षेत्र के संगठन मंत्री डॉ. पवन तिवारी, विद्या भारती उत्तर असम प्रांत के संगठन मंत्री नीरव घेलानी और शिशु शिक्षा समिति, असम के महासचिव कुलेंद्र कुमार भागवती समेत अन्य कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार/ अरविंद/वीरेन्द्र