[ad_1]
मुंबई, 23 मार्च (हि.स.)। मालाड के अंबुजवाड़ी में सार्वजनिक शौचालय की सफाई करते समय सेप्टिक टैंक में गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई है। इस घटना को देखते हुए बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने कांट्रैक्टर के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी किया है। मालवणी पुलिस स्टेशन की टीम इस मामले की छानबीन कर रही है।
पुलिस के अनुसार मालवणी इलाके के अंबुजवाड़ी में सार्वजनिक शौचालय की सफाई करने के लिए 21 मार्च को कांट्रैक्टर ने तीन लोगों को काम पर लगाया था। इस दौरान तीनों मजदूर सेप्टिक टैंक में गिर गए थे। इन तीनों को टैंक से निकालकर डॉ. बाबासाहेब अस्पताल अस्पताल में भर्ती करवाया था लेकिन डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया। इनमें सूरज (18) और विकास (20) हैं, जबकि इस हादसे में जख्मी 45 वर्षीय रामलगन छोटेलाल केवट ने शनिवार सुबह दम तोड़ा।
बीएमसी ने शौचालय सुविधा के प्रबंधन के लिए जिम्मेदार ट्रस्ट ओम जय दुर्गा सेवा सोसायटी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। मालवणी पुलिस के वरिष्ठ निरीक्षक ने बताया कि तीनों को पानी की टंकी की सफाई का काम सौंपा गया था और हो सकता है कि पानी की टंकी की सफाई करते समय उनका दम घुट गया हो, इस मामले की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार/राजबहादुर/पवन