[ad_1]



अररिया, 14 फरवरी(हि.स.)। अररिया से सटे नेपाल के इलाके में गांजा की तस्करी चरम पर है।बड़ी संख्या में नेपाल से तस्करी कर गांजे को भारतीय क्षेत्रों में भेजा जाता है।इसका अनुमान इसी से लगाया जा सकता है कि दो दिनों के भीतर सीमा पार नेपाल में 17 भारतीय नागरिक के साथ तीन भारतीय वाहन और भारी मात्रा में गांजा बरामद हुए है। बुधवार को भी नेपाली तेल टैंकर के चैंबर से छह सौ किलो गांजा की खेप के साथ चार धंधेबाजों को गिरफ्तार किया गया।
तेल के टैंकर में बने चैंबर में गांजे को छिपाकर भारत ले जाया जा रहा था,जिसकी सूचना पर कार्रवाई में गांजा जब्ती के साथ साथ चार को गिरफ्तार किया गया, जिसमें तीन व्यक्ति बथनाहा के और एक नेपाल का नागरिक है।
नेपाल कोशी प्रदेश पुलिस प्रमुख चन्द्रकुबेर खापुड़ ने बताया कि धनकुटा जिले के सांगुरीगढी गांवपालिका वार्ड संख्या 6 स्थित भेडेटार चौक से 594 किलो गांजा सहित अररिया जिले के तीन भारतीय नागरिक व एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार किया गया है।गिरफ्तार व्यक्ति में फारबिसगंज प्रखंड के बथनाहा निवासी 44 वर्षीय नईम खान, 18 वर्षीय किशोर कुमार, 70 वर्षीय लखन महतो और मोरंग जिले रंगेली नगरपालिका निवासी 70 वर्षीय गयानन्द मंडल है।
डीआईजी चन्द्रकुबेर खापुड़ के अनुसार इलाका पुलिस कार्यालय भेडेटार की पुलिस टीम के द्वारा मुलघाट से तेल खाली कर विराटनगर की तरफ जा रहे डिजल-पेट्रोल लोड करने वाली तेल टैंकर मे छुपा कर रखे गए गांजा को बरामद किया गया है। आरोपी के द्वारा गांजे की खेप को विराटनगर से भारत भेजने की योजना की बात कही गई।
नेपाल के कोशी प्रदेश के पहाडी जिले में उत्पादित गांजा बड़ी संख्या में तस्करी कर भारतीय बाजार को भेजा जा रहा है।तस्करी में संलिप्त तस्कर विशेषकर खुली सीमा के ग्रामीण इलाके का उपयोग कर गांजा के खेप को भारत के विभिन्न हिस्सों में पहुंचाने का काम करते है।
पुलिस रिपोर्ट के आंकड़ों के अनुसार नेपाल के पहाड़ी इलाकों में होने वाले गांजे को नेपाल से भारत तक पहुंचाने में उत्पादक, कारोबारी के साथ उत्तर बिहार के कई नामचीन कारोबारी संलग्न है।
उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले रविवार को गांजे की खेप ला रहे 14 भारतीय नागरिक को 149 किलो गांजा के खेप के साथ गिरफ्तार किया गया था।
हिन्दुस्थान समाचार/राहुल/चंदा