[ad_1]

जयपुर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। जयपुर कमिश्नरेट की स्पेशल टीम (सीएसटी) ने ऑपरेशन ‘‘क्लीन स्वीप’’ के तहत ड्रग्स माफियाओं के खिलाफ बगरू एवं खो-नागोरियान थाना इलाके में कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से अवैध मादक पदार्थ स्मैक 19 ग्राम 85 मिलीग्राम, गांजा 10 किलोग्राम एवं 1 दुपहिया वाहन बरामद किया गया है। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
जयपुर पुलिस कमिश्नर बीजू जॉर्ज जोसफ ने बताया कि जयपुर शहर में अवैध नशा तस्करों के खिलाफ चलाये जा रहे ऑपरेशन ‘‘क्लीन स्वीप’’ के तहत सीएसटी ने बगरू एवं खो-नागोरियान थाना इलाके में कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले रामू पोरवाल निवासी मंगलपुर जिला कानपुर यूपी, शोभरन निवासी मंगलपुर जिला कानपुर उत्तर प्रदेश और राकेश चौधरी पचेवर जिला टोंक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों से अवैध मादक पदार्थ स्मैक-गांजा के सप्लायर एवं खरीदार के नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/ दिनेश/संदीप