[ad_1]




– पकड़े गए मुख्य अभियुक्त ने डाक्टर से कराया था पिता का इलाज
मुरादाबाद, 17 जनवरी (हि.स.)। पाकबड़ा थाना क्षेत्र निवासी डॉ. अतिकुर्रहमान से 25 लाख रुपए की रंगदारी मांगने वाले तीनों आरोपितों को बुधवार पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस लाइन में घटना का खुलासा पुलिस अधीक्षक नगर अखिलेश भदौरिया ने किया।
एसपी सिटी ने आगे बताया कि डॉ. अतीकुर्रहमान से 25 लख रुपए की रंगदारी मांगने के आरोप में मुख्य आरोपित संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र के रतपुरा गांव निवासी शाहरुख, थाना पाकबड़ा क्षेत्र के मालीपुर गांव के रहने वाले जुनैद और भाई जीशान को गिरफ्तार किया।
उन्हाेंने बताया कि डॉक्टर से रंगदारी मांगने की योजना मुख्य आरोपित शाहरुख पुत्र अनवर अली ने बनाई थी। डॉक्टर के यहां शाहरुख ने अपने पिता अनवर अली का इलाज कराया था। इस दौरान उसने चिकित्सक से रुपए वसूलने की योजना मन में बना ली थी। फिर उसने अपने मित्र जुनैद और उसके भाई जीशान से मिलकर योजना को अंजाम देने का प्रयास किया। मंगलवार दोपहर को आरोपितों ने डॉ. अतिकुर्रहमान को फोन कर धमकाया और कहा कि 25 लाख रुपए दे दो अन्यथा तुम्हें और तुम्हारे बेटे को जान से मार देंगे। यही नहीं उसने व्हाट्सएप पर उनके बेटे का फोटो भेज कर डरने की भी कोशिश की। डॉक्टर ने हिम्मत दिखाई और मंगलवार रात्रि को ही थाना पाकबड़ा पहुंचकर एसएचओ राजीव शर्मा से पूरी बात बताई। इंस्पेक्टर ने भी पूरे मामले को गंभीरता से लिया और तत्काल एफआईआर दर्ज करते हुए आरोपितों की तलाश में जुट गए। थाना पुलिस ने तत्काल उच्च अधिकारियों को खबर दी, फिर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना ने एसपी सिटी के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी हाईवे के साथ सर्विलांस सेल पुलिस टीम को लगाया। पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश तेजी से करते हुए आज दोपहर में तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार/निमित/मोहित