[ad_1]

डेहरी-ऑन-सोन, 07 फरवरी (हि.स.)। जिले की नासरीगंज पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को लूट कर भाग रहे तीन बदमाशों को खदेड़ कर पकड़ लिया। पुलिस ने इनके पास से ट्रक ड्राइवर से लूटी गई पर्स और उसमें रखे रुपये व ड्राइविंग लाइसेंस भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपितों में विशाल कुमार और विकास कुमार काराकाट थाना के किशुनाथडीह व प्रिंस कुमार बिक्रमगंज थाना के अस्कामनी नगर निवासी हैं।
बिक्रमगंज के एसडीपीओ कुमार संजय ने कार्यालय कक्ष में पत्रकार वार्ता में आज बताया कि मंगलवार की रात्रि करीब 12:15 बजे ट्रक संख्या (बीआर 24 जीबी 2951) का चालक और अकोढ़ीगोला के बांक निवासी राजेश कुमार इटिम्हा बाजार पर सीमेन्ट लदा ट्रक लगाकर सोये हुए थे। इसी दौरान तीन बाइक पर सवार कुल छह बदमाशों ने ट्रक का दरवाजा खोलने का प्रयास किया। जब ट्रक का दरवाजा नहीं खुला तो ईंट से गेट का शीशा तोड़कर दरवाजा खोला और केबिन में घुस गये। साथ ही मारपीट कर उसका पर्स छीन लिये।
पर्स में एक हजार 700 रुपये नकदी, ड्राइविंग लाईसेन्स और अन्य कागजात थे। सूचना मिलते ही नासरीगंज थानाध्यक्ष अमित कुमार ने एसडीपीओ को सूचित किया। इसके बाद पुलिस टीम ने लूटे गये रुपये के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि शेष बचे तीन आरोपितों की पहचान कर ली गई है। शीघ्र ही गिरफ्तारी की जाऐगी।
हिन्दुस्थान समाचार/ उपेंद्र मिश्र/चंद्र प्रकाश