[ad_1]

भरतपुर, 20 मार्च (हि.स.)। जिले के बयाना सदर थाना इलाके के गांव रसेरी में बुधवार को बकाया बिल राशि वसूलने गए डिस्कॉम कर्मचारियों की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। टीम ने ट्रांसफार्मर उतारने की कोशिश की तो नाराज ग्रामीण कर्मचारियों के पीछे लाठी-डंडे, पत्थर लेकर दौड़ पड़े। डिस्कॉम कर्मचारियों ने भाग कर अपनी जान बचाई। घटना को लेकर डिस्कॉम जेईएन ने ग्रामीण चार भाइयों समेत 5 ग्रामीणों के खिलाफ राजकार्य में बाधा का मामला दर्ज कराया है।
बागरैन जीएसएस के जेईएन लोकेन्द्र सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि सुबह करीब 10 बजे वे कर्मचारी टेक्नीशियन रामनिवास, हरिओम, रामराज, अजयसिंह, भगवान सिंह के साथ गांव रसेरी पहरिया में बकाया बिल वसूली के लिए गए थे। उपभोक्ताओं द्वारा बकाया बिल राशि जमा नहीं कराने पर 16 केवीए के ट्रांसफार्मर को उतारने लगे। तभी ग्रामीण बल्ला, केदार, पूरन, तेजराम और राकेश गाली गलौज करते हुए हाथों में लाठी-डंडे, पत्थर लेकर मारने के लिए उनकी तरफ दौड़े। उक्त लोगों ने डरा धमका कर ट्रांसफार्मर को नहीं उतारने दिया। उत्तेजित ग्रामीणों से घबराकर उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। सदर थाना के एएसआई एदल सिंह ने बताया कि डिस्कॉम जेईएन की ओर से मामला दर्ज कराया गया है। आरोपियों की तलाश में गांव में दबिश दी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार/ अनुराधा/ईश्वर