[ad_1]

मुख्यमंत्री ने पंचकूला के जैन भवन में प्रबुद्ध नागरिकों से की मुलाकात
कल्याणी माता मंदिर में टेका माथा, मंदिर में साफ-सफाई का दिया संदेश
चंडीगढ़, 11 फरवरी (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि वर्तमान सरकार जातिगत राजनीति से उपर उठकर गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों की भलाई के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इनके कल्याण से ही देश एक विकसित राष्ट्र बनेगा।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल रविवार को पंचकूला स्थित जैन भवन में प्रबुद्ध नागरिकों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर हरियाणा के विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता भी उपस्थित थे। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने कल्याणी माता मंदिर सेक्टर 15, पंचकूला में माथा टेककर आशीर्वाद लिया और मंदिर के मुख्य द्वार की साफ सफाई कर धार्मिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। मनोहर लाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश की ही नहीं बल्कि विश्व की सबसे बडी लोकतांत्रिक पार्टी है। देश में अनेक राजनीतिक पार्टियां है परंतु यदि लोकतांत्रिक तरीके से चलने वाली कोई पार्टी है तो वह भारतीय जनता पार्टी हैं। उन्होंने कहा कि हम लोकतांत्रिक मूल्यों में अटूट विश्वास रखने वाले हैं, प्रदेश सरकार हर नागरिक के जनहित में कार्य कर रही है।
मनोहर लाल ने कहा कि वर्तमान हरियाणा सरकार प्रयोगधर्मी सरकार है और लोगों की भलाई और उनके जीवन को सुगम बनाने के लिए अनेक नए प्रयोग किए गए है। आरंभ में व्यवस्थाओं में परिवर्तन करते समय कुछ चुनौतियों का भी सामना करना पडता है। परिवार पहचान पत्र कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए श्री मनोहर लाल ने कहा कि इस कार्यक्रम की शुरूआत में विपक्ष के विरोध का भी सामना करना पड़ा परंतु आज परिवार पहचान पत्र कार्यक्रम की हर तरफ प्रशंसा हो रही है।
लोगों से सीधा संवाद करते हुए मनोहर लाल ने कहा कि आयुष्मान भारत, वृद्धावस्था सम्मान भत्ता जैसी अनेक कल्याणकारी योजनाओं से लाखों लोग लाभान्वित हुए है। इन योजनाओं का सबसे अधिक लाभ गरीब लोगों को हुआ है। उन्होंने कहा कि गरीब की चिंता हम सबको करनी है, इसके लिए सरकार के साथ साथ अन्य संस्थाओं को भी आगे आना होगा।
हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनील