[ad_1]

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई एचपीजीसीएल की बैठक में लिया गया निर्णय
6900 करोड़ के प्लांट को 57 महीने में पूर करने का टेंडर बीएचईएल को मिला
चंडीगढ़, 6 फरवरी (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई हाई पावर वर्कर्स परचेज कमेटी (एचपीजीसीएल) की बैठक में आठ साै मेगावाट यूनिट की क्षमता का नये लगने वाले दीनबंधु छोटूराम थर्मल पावर प्लांट, यमुनानगर को बनाने का टेंडर भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल) को 6900 करोड़ रुपये में देने की अनुमति दे दी गई। बीएचईएल इस कार्य को 57 महीने की समयावधि में पूरा करेगी।
इस प्लांट में अल्ट्रा सुपर क्रिटिकल यूनिट लगेगी, जबकि अभी तक सब-क्रिटिकल यूनिट लगी हुई हैं। यह पहले लगी यूनिट से आठ प्रतिशत ज्यादा क्षमता की होगी। इसमें कोयले की खप्त कम होगी और बिजली सस्ती बनेगी। इस परियोजना से हरियाणा के नागरिकों के लिए निर्बाध बिजली की व्यवस्था सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। साथ ही प्रदूषण को नियंत्रण करने के लिए सभी उपकरण लगाने का प्रावधान किया गया है।
बैठक में ऊर्जा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अपूर्व कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वी. उमाशंकर, हरियाणा विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड के चेयरमेन पी.के. दास , हरियाणा विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक मोहम्मद शाइन, सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार/संजीव/सुनील