[ad_1]


बदायूं,03 फरवरी(हि.स.)। जिले के थाना सिविल लाइन इलाके के रोडवेज चौराहे से आगे शनिवार को कपड़ा व्यापारी का 12 लाख रुपए से भरा सूटकेस रोडवेज बस से गायब हो गया। बस में मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि दो युवक सूटकेस लेकर बस से कूद गए और वह मौके से फरार हो गए। फिलहाल मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
अमृतसर के रहने वाले कपड़ा व्यापारी किशन अरोड़ा ने बताया कि वह शनिवार को बदायूं में कैश कलेक्शन करने के बाद बरेली जाने के लिए रोडवेज बस में सवार हुए थे। उन्होंने रूपों से भरा सूटकेस अपनी सीट के ऊपर ग्रिल पर रख दिया। इस दौरान कपड़ा व्यापारी किशन अरोड़ा के मोबाइल फोन पर एक कॉल आ गई। फोन सुनने में व्यस्त हो गए और उनका ध्यान सूटकेस से अलग हो गया। मोबाइल फोन कॉल काटने के बाद कपड़ा व्यापारी किशन अरोड़ा ने सूटकेस देखा तो वह रोडवेज बस में नहीं था। तब उन्होंने रोडवेज के कंडक्टर और ड्राइवर को जानकारी दी। उधर रोडवेज बस से रुपये से भरा सूटकेस गायब होने की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे सिविल लाइन थानाध्यक्ष ने पूरे मामले की व्यापारी से जानकारी की। मामले में सिविल लाइन थाना अध्यक्ष गौरव बिश्नोई ने बताया कि व्यापारी से पूछताछ की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य निकल कर आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल व्यापारी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।
हिंदुस्थान समाचार/अरविंद सिंह/सियाराम