[ad_1]

नवादा, 10 मार्च(हि. स.)। नवादा जिले के त्रिवेणी सत्यभामा कॉलेज हिसुआ शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों ने रविवार को बिहार के कुलाधिपति सह बिहार के राज्यपाल से मिलकर हिसुआ में मगध विश्वविद्यालय की शाखा खोलने के लिए मांग पत्र दिया इस पर राज्यपाल ने शीघ्र कार्रवाई करने की बात कही है।
शिक्षक संघ के अध्यक्ष डाॅ. मनुजी राय व सचिव डॉ. अंजनी कुमार के नेतृत्व में महाविद्यालय के शिष्टमंडल ने राज्यपाल सह कुलाधिपति के साथ शिष्टाचार भेंट कर मांग पत्र सौंपे। प्रतिनिधियों में डॉ. शैलेन्द्र कुमार, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. मनुजी राय और डॉ. शेखर ने महामहिम द्वारा बिहार में उच्च शिक्षा की बेहतरी एवं विश्वविद्यालय की स्वायत्तता को बरकरार रखने की दिशा में निरंतर शानदार व निर्णायक प्रयासों के लिए बधाई दिया।
महामहिम ने शिष्टमंडल की सारी मांगों यथा महाविद्यालय में मगध विश्वविद्यालय का शाखा कार्यालय खोलने, विज्ञान भवन का निर्माण, खेल को बढ़ावा देने के लिए आउटडोर एवं इन्डोर स्टेडियम का निर्माण, स्नातकोत्तर एवं व्यवसायिक पाठ्यक्रमों के संचालन सहित शिक्षक एवं कर्मचारियों के वेतन,प्रोन्नति, एनपीएस तथा सेवानिवृत्त शिक्षकों/कर्मचारियों के सेवांत लाभ संबंधी समस्याओं के प्रति संजीदगी दिखाई। सभी समस्याओं के शीघ्रातिशीघ्र समाधान का उन्होंने वचन दिया। डॉ. अंजनी कुमार ने महाविद्यालय में निकट भविष्य में आयोजित होने वाले एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम में महामहिम की गरिमामय उपस्थिति के लिए भी अनुरोध किया।
हिन्दुस्थान समाचार/डॉ सुमन/चंदा