[ad_1]

-पतंजलि विश्वविद्यालय में ‘अभ्युदय वार्षिकोत्सव’ का दूसरा दिन
हरिद्वार, 09 मार्च (हि.स.)। पतंजलि विश्वविद्यालय व पतंजलि आयुर्वेद कॉलेज के तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव कार्यक्रम अभ्युदय वार्षिकोत्सव के दूसरे दिन क्रीड़ा प्रतियोगिताएं प्रारंभ की गईं। प्रतियोगिताओं की शुरूआत पतंजलि विश्वविद्यालय के कुलपति आचार्य बालकृष्ण, केन्द्रीय राज्य सहकारिता मंत्री बीएल वर्मा, सहकारिता मंत्री उत्तराखण्ड धन सिंह रावत और सहकारिता निबंधक आलोक पाण्डे ने दीप प्रज्ज्वलन कर की। इसके पश्चात माननीय अतिथियों ने कबड्डी व रस्साकसी प्रतियोगिताओं का उद्घाटन किया।
राज्य सहकारिता वर्मा ने कहा कि स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण ने योग, आयुर्वेद को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ख्याति प्रदान करने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि पतंजलि विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों में उन्हें पूरा भारत दिखाई दे रहा है। यहां शिक्षा के साथ-साथ योग, संस्कृति व खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री भी निरंतर खेलों को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहे हैं, खेलो इण्डिया, फिट इण्डिया इसी को इंगित करते हैं। आज हमारे भाई ही नहीं बहनें भी देश के लिए पदक ला रही हैं। आप सभी पतंजलि विश्वविद्यालय, अपने प्रांत व देश को आगे बढ़ाने का कार्य करें।
आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि पतंजलि विश्वविद्यालय स्वामी रामदेव के पुरुषार्थ से अनुप्राणित है। हमारा ध्येय विद्यार्थियों का शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक, मानसिक व बौद्धिक रूप से विकास करना है, जो खेलों से ही संभव है।
उत्तराखण्ड के सहकारिता मंत्री डा.धन सिंह रावत ने कहा कि पतंजलि विश्वविद्यालय निरंतर उन्नति की ओर गतिमान है। उन्होंने कहा कि सभी को आयुष्मान कार्ड व आभा आईडी बनवाना है, इससे 5 लाख रुपए की स्वास्थ्य सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश सरकार द्वारा प्रदान की जाने वाली छात्रवृत्ति की जानकारी दी।
प्रातःकालीन सत्र में मुख्य महाप्रबंधक ब्रिगेडियर टी.सी. मल्होत्रा (से.नि.) ने कहा कि मैंने सेना में 35 वर्ष सेवा दी है जहां खेलों को महत्वपूर्ण अंग माना जाता है। उन्होंने कहा कि खेलों का जीवन में बहुत बड़ा महत्व है, यह मात्र शारीरिक व्यायाम नहीं अपितु बहुत कुछ सिखाता है। खेलों से टीम भावना विकसित होती है।
आज क्रीड़ा प्रतियोगिताओं में रस्साकसी, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, दौड़, वॉलीबॉल, बास्केट बॉल, हैण्ड बॉल, क्रिकेट व एथलेटिक्स के खिलाडि़यों ने अपना दमखम दिखाया। समाचार लिखे जाने तक सभी वर्गों में लीग मैच समाप्त हो चुके हैं तथा विजेता टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुँच चुकी हैं। 3000 मीटर दौड़ में बी.ए. फाइनल इयर के नीरज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में शोभाराम प्रजापति, ब्लाक प्रमुख कविंदर चौधरी पतंजलि विश्वविद्यालय व पतंजलि आयुर्वेद कॉलेज के सभी अधिकारीगण, संकायाध्यक्ष, आचार्य, विद्यार्थी, संन्यासी व साध्वीें उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/ रजनीकांत/रामानुज