[ad_1]

झज्जर, 6 फरवरी (हि.स.)। कम आयवर्गीय परिवारों के बच्चों को ऊंचा उठाने की राज्य सरकार की पहल के तहत सुपर-बैच 2024-26 लेवल एक की परीक्षा मंगलवार को जिले के पांच परीक्षा केंद्रों में संपन्न हुई।
जिला शिक्षा अधिकारी राजेश खन्ना ने बताया कि मंगलवार को प्रातः:11:30 से 1:30 बजे झज्जर जिले में सुपर -100 के लेवल-एक की प्रवेश परीक्षा हुई। जिसमें जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुभाष भारद्वाज की देखरेख में उप- जिला शिक्षा अधिकारी सरजीत अहलावत, सभी खंड शिक्षा अधिकारी, जिला विज्ञान विशेषज्ञ जसवीर दलाल, सुपर-100 से जुड़े सभी संबंधित हितधारक भी मौजूद रहे और उनकी निगरानी में ये परीक्षा पूरी हुई।
उन्होंने बताया कि झज्जर जिले से 1222 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था और 976 विद्यार्थियों ने जिले के पांच परीक्षा केंद्रों में परीक्षा दी और 246 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। सुपर 100 कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी जसबीर दलाल ने बताया कि इसके बाद लेवल 2 की परीक्षा 9 अप्रैल को आयोजित होगी। जिसमें लेवल-1 की परीक्षा में चयनित विद्यार्थी ही प्रतिभागी होंगे। हरियाणा सरकार स्कूल शिक्षा विभाग एवं विकल्प फाउंडेशन के द्वारा की गई एक उत्कृष्ट पहल है। इसका उद्देश्य भविष्य में सरकारी स्कूलों के प्रतिभावान छात्रों को जेईई एवं नीट की परीक्षा के लिए फ्री कोचिंग सुविधा विकल्प फाउंडेशन के माध्यम से दी जाती है।
हिन्दुस्थान समाचार/ शील/संजीव