[ad_1]

मीरजापुर, 04 मार्च (हि.स.)। अहरौरा थाना क्षेत्र के बाराडीह गांव के पास स्थित एक कटर प्लांट में रविवार की देर रात काम कर रहे मजदूर के ऊपर पत्थर गिर गया, जिससे मजदूर गभीर रूप से घायल हो गया। कटर प्लांट संचालक ने बगैर परिजन व पुलिस को सूचना दिए घायल को लेकर ट्रामा सेन्टर वाराणसी चला गया, जहां सोमवार की सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। यह सूचना जब परिजन को मिली तो काफी संख्या में लोग अहरौरा थाने पहुंच गए।
अहरौरा थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के कन्हईपुर गांव निवासी शिव कुमार (28) गांव से थोड़ी दूर पर स्थित एक कटर प्लांट पर मजदूरी का काम करता था। रविवार की रात लगभग एक बजे मशीन पर पत्थर चढ़ाते-उतारते समय मजदूर शिव कुमार के ऊपर गिर गया, जिससे वह गभीर रूप से घायल हो गया। प्लांट संचालक ने बगैर परिजन व पुलिस को सूचना दिए घायल को ट्रामा सेन्टर वाराणसी उपचार के लिए ले गया, जहां उसकी मौत हो गई। शव ट्रामा सेन्टर में है। इसकी सूचना जैसे ही परिजनों को मिली तो वह काफी संख्या में लोग अहरौरा थाने पहुंच गए। पुलिस ने बताया कि अभी तक परिजन की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। घटना की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार/गिरजा शंकर/मोहित