[ad_1]

मेरठ, 13 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा के पेपर लीक के आरोपित को एसटीएफ ने हरियाणा के जींद से गिरफ्तार किया है। गिरोह के छह सदस्यों को एसटीएफ की टीम पहले गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। एसटीएफ आरोपित से पूछताछ कर रही है।
एसटीएफ मेरठ यूनिट के अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश सिंह के अनुसार, पुलिस भर्ती परीक्षा के पेपर लीक के आरोपित को हरियाणा के जींद से गिरफ्तार किया गया है। आरोपित महेन्द्र शर्मा ने पूछताछ में बताया कि अमनदीप पुत्र मंहगा निवासी धाथरथ उर्फ ढाठरथ थाना पिल्लुखेड़ा जनपद जींद हरियाणा की अनफोयल इन्वेशन की दुकान पर वह काम करता है। 15 फरवरी 2024 को उसके गांव का दिल्ली पुलिस का सिपाही विक्रम पहल पुत्र कुंवर सिंह उसे अपने साथ मानेसर गुरूग्राम स्थित रिसोर्ट पर लेकर गया। सिपाही ने आरोपित को बताया कि यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा का प्रश्न-पत्र आने वाला है। इस काम में मेरा सहयोग करो। तुम्हें भी एक-दो लाख रुपए दूंगा। गुरुग्राम स्थित रिसोर्ट में करीब 300-400 परीक्षार्थी पहले से मौजूद थे। 10-12 बसों से अन्य परीक्षार्थी को लेकर गौरव चौधरी और अन्य लोग रिसोर्ट में आए। उस रिसोर्ट में लगभग एक हजार परीक्षार्थी के साथ विक्रम पहल ने मीटिंग की। 16 फरवरी को लगभग 11 बजे विक्रम पहल अपने साथियों के साथ 18 फरवरी की द्वितीय पाली का प्रश्न-पत्र व उत्तरकुंजी लेकर आया था। उसके साथ मोनू शर्मा निवासी ढाकला जनपद झज्जर, विक्रम दहिया जनपद सोनीपत भी थे। पुलिस पहले ही इस गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार करके जेल भेज चुकी है। जबकि मुख्य आरोपित अभी फरार चल रहा है। एसटीएफ की टीम उसकी भी तलाश में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार/ डॉ. कुलदीप/मोहित