[ad_1]


अररिया, 15 मार्च(हि.स.)।
भारत नेपाल सीमा पर तैनात एसएसबी ने पोसदाहा गांव के समीप गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए 12 किलो 900 ग्राम गांजा के साथ तस्कर सह कारोबारी को गिरफ्तार किया है।
फुलकाहा एसएसबी कैंप के जवानों ने गुरुवार की देर रात यह कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान बाइक चला रहे तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर बाइक लेकर भागने में सफल रहे। कार्रवाई गुरुवार की रात भारत नेपाल सीमा से सात किलोमीटर मीटर भारतीय क्षेत्र के पोसदाहा नहर के समीप की गई। जब्त गांजा व गिरफ्तार कारोबारी को फुलकाहा एसएसबी कैंप लाया गया। जहां फुलकाहा कैंप के कंपनी कमांडर हरबंस लाल के द्वारा पूछताछ करने पर अपना नाम प्रमोद कुमार यादव पिता राधानंद यादव नरपतगंज थाना क्षेत्र के पोसदाहा वार्ड संख्या आठ निवासी बताया।
कंपनी कमांडर हरबंस लाल ने पूछताछ के बाद कागजी कार्रवाई करते हुए गांजा सहित तस्कर को नरपतगंज थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। गिरफ्तार गांजा तस्कर ने अपने बयान में बताया कि गांजा नेपाल से लेकर भारतीय क्षेत्र के पोसदाहा गांव में जमा करके रखते हैं जो बाहर का व्यापारी चार चक्का वाहन से किसी ओर जगह ले जाता हम उस व्यक्ति का नाम नहीं जानते हैं। मौके से भागे गांजा तस्कर के बारे में भी गिरफ्तार तस्कर ने एसएसबी को नाम बताया है।
कंपनी कमांडर हरबंस लाल ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी की बाइक से बड़ी मात्रा में नेपाल से भारतीय क्षेत्र गांजा लाया जा रहा है। जिसके आलोक में दो दिनों से एसएसबी जवानों को बार्डर पर लगाया गया था जहां गुरुवार की देर रात एसएसबी की कड़ी सुरक्षा के बीच किसी सुनसान रास्ते से इन्होंने भागने की कोशिश की। लेकिन एसएसबी जवानों ने इसका पीछा किया और पोसदाहा कोसी नहर के पास इसे दबोच लिया गया। लेकिन बाइक चला रहे एक तस्कर भागने में सफल रहे। हालांकि उसकी पहचान कर ली गई है उसके खिलाफ भी पुलिस को लिखित में दी गई है। इस संदर्भ में नरपतगंज थाना अध्यक्ष कुमार विकास में बताया कि गिरफ्तार गांजा तस्कर कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया गया है। बरामद गांजा की अनुमानित कीमत दो लाख रुपया आंकी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार/राहुल