[ad_1]

सोनीपत, 20 फरवरी (हि.स.)। महिला को फेसबुक पर शेयर मार्केट में ज्यादा कमाई बता कर सोनीपत में साइबर ठगों ने धोखाधड़ी से एक महिला से 7 लाख 10 हजार रुपये ठग लिए हैं। महिला को झांसा दिया गया कि 3 महीने में ही उसकी राशि 500 प्रतिशत बढ़ जाएगी। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
कुंडली क्षेत्र अंसल सनसाइन सिटी निवासी प्रीति गोयल ने पुलिस को बताया कि उसके साथ नेट बैंकिंग और यूपीआई के जरिए साइबर धोखाधड़ी की गई है। वह एक फेसबुक कंपनी ग्रुप में शामिल हुई थी। इस कंपनी का नाम एलआरओ लिमिटेड है और एक वेबसाइट का लिंक दिया गया है। माया शर्मा नामक एक महिला ने उससे व्हाट्सऐप पर संपर्क किया। उसने यह कहकर बरगलाया कि वे जो भी रुपये निवेश करेंगी, पैसा 3 महीने में 500 प्रतिशत बढ़ जाएगा। इसके बाद उसने पहले चार ट्रांजेक्शन में 2 लाख रुपये दे दिए। दूसरी तरफ से विश्वास जीतने के लिए उसे 10 हजार रुपये भी भेजे गए।
प्रीति ने बताया कि उसने उसे एक लिंक भी भेजा। उसको बताया गया कि वह अपनी निवेशित राशि को देख सकती थी। निवेश पोर्टल का लिंक app.mmmgg.com दिया गया था। खाते का विवरण देते हुए यूपीआई व नेट बैंकिंग के माध्यम से पैसे ट्रांसफर करने के लिए कहा। उससे 11 बार में 10 जनवरी से 16 फरवरी तक की अवधि में 7 लाख 10 हजार रुपये उनके बताए खातों में ट्रांसफर कर लिए गए। महिंद्रा इंटरप्राइजेज, आई एन कॉटेक्स, रेक्स इंटरप्राइजेज, परमहंश इंटरप्राइजेज, ताविया रविभाई जेसिंगभाई, प्रिंस टेक्सटाइल, रहीश थोक, लाइफलाइन मत्स्य पालन के नाम पर ये रुपये लिए गए हैं। 16 फरवरी को उसे पता चला कि उसकी निवेशित राशि 32 लाख 79 हजार 340 रुपये हो गई है। इस राशि को निकालने के बारे में पूछा तो बताया कि लाभ का 20 प्रतिशत 5 लाख 13 हजार 898 रुपये है, दूसरे बैंक खाते में जमा करा दें। इस वार्ता के बाद लगा कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। दिया गया खाता और संदर्भ लिंक नकली है। ठगों ने जालसाजी की है। थाना बहालगढ़ पुलिस ने उसकी शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
हिन्दुस्थान समाचार/ नरेंद्र /सुमन/वीरेन्द्र